
बालोद में Trading App धोखाधड़ी: 4 लाख से अधिक की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार
बालोद जिले में साइबर ठगी का ताजा मामला सामने आया है, जहां दो अलग-अलग घटनाओं में ट्रेडिंग ऐप और धमकी के माध्यम से कुल 7 लाख 95 हजार रुपए की ठगी हुई है। गुरुर और पुरूर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने दिल्ली और हरियाणा से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पहले मामले में, गुरुर थाना क्षेत्र के निवासी आशीष कुमार कुंभज ने पुलिस को बताया कि अगस्त 2024 में अज्ञात मोबाइल नंबरों से संपर्क कर उन्हें एक ट्रेडिंग ऐप में 4 लाख 44 हजार रुपए निवेश करवाए गए, लेकिन यह निवेश ठगी निकली। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी को हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया है।
दूसरे मामले में, पुरूर थाना क्षेत्र के ग्राम चंदनबिरही निवासी सोमन लाल साहू ने शिकायत की कि उसे अज्ञात मोबाइल नंबरों से वीडियो कॉल कर एक युवती ने अश्लील हरकतें कीं, और बाद में खुद को दिल्ली पुलिस अधिकारी बताकर धमकी दी गई। डर के कारण सोमन लाल ने लगभग तीन लाख 51 हजार 500 रुपए विभिन्न खातों में ट्रांसफर कर दिए।
पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने गुरुर थाना प्रभारी सुनील तिर्की, आरक्षक पीतांबर निषाद् और साइबर सेल बालोद के प्रधान आरक्षक भुनेश्वर मरकाम व आरक्षक आकाश सोनी की टीम की मदद से आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा के पलवल जिले के मिन्डकोला निवासी अंकित (24) और नूहं जिले के ग्राम रहपुआ निवासी शाहिल खान (20) के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपियों से ठगी की गई रकम और प्रयोग में लाए गए एटीएम कार्ड बरामद किए गए हैं।

इस मामले में पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि वे ऑनलाइन निवेश, शेयर ट्रेडिंग या किसी भी ऐप में पैसे लगाने से पहले सावधानी बरतें और किसी भी संदिग्ध कार्यवाही की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



