
Balod में दीवार गिरने से इंजीनियर की दर्दनाक मौत, CCTV में कैद हुई घटना
बालोद (छत्तीसगढ़), 08 सितंबर 2025: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक दुखद हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। गुंडरदेही थाना क्षेत्र के चैनगंज में बारिश से कमजोर हुई एक दीवार अचानक ढह गई, जिसके मलबे में दबकर एक युवा इंजीनियर की जान चली गई। मृतक अपनी बहन के इलाज के लिए चाचा के घर आया था। इस हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जो घटना की भयावहता को दर्शाता है।

क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, मृतक विनय कुमार चंदनिया (31) राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम कोकपुर का निवासी था। वह एक इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियर था और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। विनय अपनी बहन के इलाज के लिए 4 सितंबर को अपने चाचा दीनदयाल चंदनिया के घर चैनगंज आया था। सुबह करीब 10 बजे वह चाचा के घर पहुंचा और नाश्ता करने के बाद 11 बजे टहलने के लिए निकला।
इसी दौरान बारिश से कमजोर हो चुकी पड़ोसी जय कुमार महाराज की दीवार अचानक ढह गई। दीवार का मलबा विनय के ऊपर गिरा, जिससे वह सीधे कॉन्क्रीट की नाली पर जा गिरा। इस हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट आई और वह खून से लथपथ हो गया।
अस्पताल में जिंदगी की जंग हारा विनय
हादसे के तुरंत बाद परिजनों ने विनय को गुंडरदेही के शासकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए भिलाई के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया। दो दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद शनिवार सुबह विनय ने दम तोड़ दिया। मृतक के चाचा दीनदयाल चंदनिया ने बताया कि डॉक्टरों से सिर के ऑपरेशन की गुहार लगाई गई, लेकिन गंभीर हालत के कारण डॉक्टरों ने असमर्थता जता दी। विनय का अंतिम संस्कार उसके पैतृक गांव कोकपुर में किया गया।
चाचा ने बयां किया दर्द
दीनदयाल चंदनिया ने बताया कि विनय अपनी बहन के इलाज के लिए उनके घर आया था। वह एक होनहार इंजीनियर था और अधिकारी बनने के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। उन्होंने कहा, “नाश्ते के बाद वह टहलने निकला था, तभी पड़ोसी की कमजोर दीवार उसके ऊपर गिर गई। हमने डॉक्टरों से बहुत मिन्नतें कीं, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।” इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
गुंडरदेही थाना प्रभारी मनीष शेंडे ने बताया कि हादसे की जानकारी परिजनों से मिली है। यह घटना चैनगंज में हुई थी और इलाज के दौरान विनय की मौत भिलाई के एक निजी अस्पताल में हुई। पुलिस ने शून्य मर्ग कायम कर मामला गुंडरदेही थाने में स्थानांतरित कर दिया है। थाना प्रभारी ने कहा कि आगे की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



