
Balod में शराब पिलाने की जिद पर बढ़ा विवाद, बेल्ट से गला घोंटकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में रेस्टोरेंट संचालक के बेटे की उसके ही बचपन के दोस्त ने हत्या कर दी। शराब पिलाने की जिद को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने चमड़े की बेल्ट से गला दबाकर दोस्त की जान ले ली। घटना अर्जुन्दा थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

फर्श पर मिला युवक का शव
रात करीब 11 बजे लवली रेस्टोरेंट एंड केटर्स तथा संतोष किराना स्टोर्स के संचालक संतोष देवांगन के इकलौते बेटे दुर्गेश देवांगन उर्फ दादू (27) का शव अर्जुन्दा स्थित दम बिरयानी सेंटर के फर्श पर मिला। उसके साथ मौजूद दोस्तों ने तुरंत उसे अर्जुन्दा अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दुर्गेश को मृत घोषित कर दिया।
सीसीटीवी में दिखी वारदात, आरोपी दोस्त गिरफ्तार
शुरुआती जांच में पुलिस ने मौके पर मौजूद सभी 8 दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, लेकिन सभी ने घटना से अनभिज्ञता जताई। इसके बाद साइबर टीम ने बिरयानी सेंटर के बाहर लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की। फुटेज में सूरेगांव के ग्राम तेलीटोला निवासी पवन कुमार कंवर (27) को दुर्गेश का बेल्ट से गला घोंटते हुए देखा गया। फुटेज के आधार पर पुलिस ने पवन को गिरफ्तार कर बीएनएस की धारा 103 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया और उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

लंबे समय बाद मिले थे दोनों दोस्त
पुलिस के अनुसार दुर्गेश और पवन बचपन के दोस्त थे और लंबे समय बाद मिले थे। शराब पिलाने को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हुई, जो बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गई और अंततः हत्या की वारदात हो गई।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



