
Balod के योग शिक्षक धीरज शर्मा ने अधोमुख श्वानासन में तोड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड, 1.45 घंटे तक किया योग
बालोद: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के योग शिक्षक धीरज शर्मा ने योग के क्षेत्र में एक नया इतिहास रचते हुए इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स (International Book of Records) में अपना नाम दर्ज कराया है। उन्होंने लगातार एक घंटा 45 मिनट तक अधोमुख श्वानासन (Downward Dog Pose) कर नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है।

इससे पहले यह रिकॉर्ड तमिलनाडु के साधुराम कुमार के नाम था, जिन्होंने 1 घंटा 30 मिनट यह आसन किया था। धीरज शर्मा ने अपनी कड़ी मेहनत, अभ्यास और मजबूत इच्छाशक्ति के बल पर इस रिकॉर्ड को तोड़ा।
धीरज शर्मा निरंतर योगाभ्यास करते हैं और अपने “ग्रेस योगा एंड वेलनेस स्टूडियो” के माध्यम से ऑनलाइन तथा ऑफलाइन सैकड़ों लोगों को योग सिखा रहे हैं। इस उपलब्धि पर धीरज शर्मा ने अपने गुरु श्रीश्री रविशंकर को श्रेय दिया और कहा कि वे योग के प्रचार-प्रसार और लोगों को इससे जोड़ने के लिए आगे भी काम करते रहेंगे।
उनकी इस उपलब्धि को छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमनसिंह ने सर्टिफिकेट और मेडल देकर सम्मानित किया। डॉ. रमनसिंह ने कहा कि धीरज शर्मा की यह उपलब्धि न केवल बालोद बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने सभी से योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने और स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का आह्वान किया।

यह उपलब्धि योग की विश्व प्रसिद्ध परंपरा को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जो स्थानीय युवाओं में योग के प्रति उत्साह और जागरूकता बढ़ाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



