March 5, 2026
Balod जल जीवन मिशन पर सवाल : एक करोड़ की लागत से बनी टंकी स्तरहीन, पानी सीपेज होने से बेकार

Balod जल जीवन मिशन पर सवाल : एक करोड़ की लागत से बनी टंकी स्तरहीन, पानी सीपेज होने से बेकार

Aug 28, 2025

 

बालोद। जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण इलाकों में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन कई जगहों पर लापरवाही और गुणवत्ताहीन निर्माण सामने आ रहा है। बालोद जिले के ग्राम रानीतराई (जुंगेरा) में बनी एक पानी टंकी का मामला चर्चा में है। एक करोड़ रुपये की लागत से बनी इस टंकी की टेस्टिंग के दौरान ही खामियां उजागर हो गईं। पानी भरते ही टंकी में सीपेज होने लगा और इसे स्तरहीन (गुणवत्ताहीन) घोषित कर तोड़ने का आदेश जारी कर दिया गया।

एक करोड़ खर्च, फिर भी फेल हुई टंकी

ग्राम रानीतराई में बनाई गई टंकी की क्षमता 40 हजार लीटर है। इसके साथ ही पाइपलाइन विस्तार और अन्य कार्य भी किए गए थे। लेकिन परीक्षण में सामने आया कि टंकी पानी रोक ही नहीं पा रही है। पीएचई विभाग ने ठेकेदार से जवाब-तलबी की और अब पिछले एक माह से टंकी को तोड़ने का कार्य जारी है।

 

ग्रामीणों ने पहले ही जताई थी आशंका

ग्रामीणों ने निर्माण के समय ही गुणवत्ता पर सवाल उठाए थे। कई बार विभाग को लिखित व मौखिक रूप से शिकायत दी गई, लेकिन गंभीरता से संज्ञान नहीं लिया गया। आखिरकार टेस्टिंग के दौरान खामियां सामने आने पर विभाग को मजबूरी में टंकी गिराने का निर्णय लेना पड़ा।

देवगहन की टंकी पर भी उठे सवाल

रानीतराई की तरह ही देवगहन गांव की टंकी पर भी ग्रामीण सवाल उठा रहे हैं। उनका कहना है कि वहां बनी टंकी से भी पानी रिसाव होता है और उसमें पानी रुकता नहीं है। ग्रामीणों और पूर्व सरपंच लोकेंद्र साहू ने बताया कि जांच के लिए अधिकारी आए थे, लेकिन कार्रवाई आगे नहीं बढ़ी।

 

गुणवत्ता और मॉनिटरिंग दोनों पर सवाल

इस मामले ने जल जीवन मिशन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। निर्माण कार्य में ठेकेदार की लापरवाही तो स्पष्ट है, लेकिन विभागीय अधिकारियों की मॉनिटरिंग व्यवस्था भी संदेह के घेरे में है। समय-समय पर निरीक्षण करने के बावजूद खामियां कैसे नजरअंदाज की गईं, यह बड़ा प्रश्न है।

पीएचई विभाग का बयान

पीएचई विभाग के ईई सागर वर्मा ने बताया कि रानीतराई में टंकी के पिल्हर का काम सही है, लेकिन ऊपर का निर्माण स्तरहीन पाया गया। इस कारण टंकी तोड़ने का आदेश दिया गया है और कार्यवाही जारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में यदि कहीं भी इस तरह की लापरवाही मिली तो ठेकेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇

https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V


Walkie Talkie News की शुरुआत हमने इस सोच के साथ की कि आपको हर खबर मिले सबसे पहले, सबसे सटीक और बिना किसी लाग-लपेट के। डिजिटल दौर में जहाँ अफवाहें हवा से तेज़ फैलती हैं, वहाँ हमारा मकसद है—आप तक पहुँचे सिर्फ़ सच, वो भी रियल टाइम में। भिलाई-दुर्ग और आसपास की हर लोकल हलचल, हर अहम जानकारी अब आपकी उंगलियों की ज़द में है।
Editor: Saurabh Tiwari
Phone: 8839303956
Email: walkietalkiemynews@gmail.com
Office Address: Shop No. 25, Aakash Ganga, Supela, Bhilai, Durg, Chhattisgarh

© Copyright Walkie Talkie News 2025 | All Rights Reserved | Made in India by MediaFlix