
Balod : बिरयानी सेंटर में रेस्टोरेंट मालिक के बेटे का शव मिला
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के अर्जुन्दा नगर में रविवार रात एक युवक की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई। लवली रेस्टोरेंट एंड केटर्स और संतोष किराना स्टोर्स के संचालक संतोष देवांगन के इकलौते बेटे दुर्गेश देवांगन (27) का शव एक बिरयानी सेंटर में संदिग्ध हालत में पाया गया। परिजनों का कहना है कि सिर, पैर और शरीर पर चोटों के कई निशान थे, नाक से खून बहा था और जीभ भी बाहर निकली हुई थी, जिससे वे इसे हत्या का मामला बता रहे हैं।

दोस्तों के साथ आखिरी बार देखा गया था दुर्गेश
मामला रविवार रात करीब 10 बजे का है। गुंडरदेही–राजनांदगांव मुख्य मार्ग पर बस स्टैंड के पास स्थित अरबी दम बिरयानी सेंटर में दुर्गेश को उसके दोस्तों के साथ देखा गया था। कुछ देर बाद देर रात वही दोस्त उसे बाइक पर बिठाकर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद दोस्तों ने ही परिजनों को घटना की सूचना दी।
संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पुलिस ने 8 युवकों को हिरासत में लिया
घटना की गंभीरता को देखते हुए अर्जुन्दा पुलिस ने दुर्गेश के 8 दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अर्जुन्दा टीआई जोगेंद्र साहू ने बताया कि मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया है, जिसकी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर निर्भर होगा आगे का खुलासा
पुलिस का कहना है कि रविवार रात हुई सभी गतिविधियों का विस्तृत विश्लेषण किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह दुर्घटना, आत्महत्या या हत्या का मामला है। फिलहाल पुलिस सभी संदिग्ध पहलुओं की जांच में जुटी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



