
बलरामपुर में बारिश का तांडव: कच्चा मकान ढहा, 8 साल की बच्ची की मौत, चार घायल
मूसलाधार बारिश ने बरपाया कहर
छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। बुधवार सुबह रामानुजगंज के वार्ड नंबर 13 में एक कच्चा मकान बारिश के कारण धराशायी हो गया। इस हादसे में एक परिवार के पांच लोग मलबे में दब गए, जिसमें 8 साल की बच्ची खुशबू की दुखद मौत हो गई।
हादसे में परिवार मलबे में दबा
रामानुजगंज के वार्ड नंबर 13 में रहने वाले प्रमोद रवि (40 वर्ष), उनकी पत्नी सुनीता देवी (34 वर्ष) और उनकी तीन बेटियां राया (10 वर्ष), खुशबू (8 वर्ष) और काजल (9 वर्ष) उस समय सो रहे थे, जब सुबह करीब 5 बजे तेज बारिश के कारण उनका कच्चा मकान अचानक ढह गया। इस हादसे में खुशबू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के अन्य चार सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों ने दिखाई तत्परता
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे परिवार को निकालने में जुट गए। स्थानीय लोगों की त्वरित कार्रवाई के कारण चार लोगों की जान बचाई जा सकी। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉ. शरद चंद की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।
खुशबू थी कक्षा चौथी की छात्रा
जानकारी के अनुसार, मृतक बच्ची खुशबू कक्षा चौथी में पढ़ती थी। इस हादसे ने पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय पर मलबा नहीं हटाया जाता, तो अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती थी।
बारिश से जिले में हालात गंभीर
बलरामपुर में लगातार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। कन्हर नदी में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए गए हैं। जिले के सभी स्कूलों में छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं। मौसम विभाग ने शनिवार को भी भारी बारिश की चेतावनी दी है, जिससे स्थिति और गंभीर हो सकती है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



