
Balrampur में पुलिस हिरासत में आरोपी की मौत, सिकलसेल बीमारी से ग्रसित था मृतक
धनंजय ज्वेलर्स चोरी मामले में था गिरफ्तार, इलाज के दौरान अस्पताल में तोड़ा दम
बलरामपुर। जिले से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां धनंजय ज्वेलर्स चोरी मामले में गिरफ्तार आरोपी की पुलिस हिरासत में मौत हो गई। मृतक की पहचान उमेश सिंह के रूप में हुई है, जो मूलतः सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम नकना का निवासी था।

चोरी के मामले में हुआ था गिरफ्तार
हाल ही में जिला मुख्यालय बलरामपुर स्थित धनंजय ज्वेलर्स में लाखों रुपए की चोरी हुई थी। इस मामले में पुलिस ने नौ आरोपियों को हिरासत में लिया था। इन आरोपियों में चोरी करने वालों के साथ-साथ चोरी का माल खरीदने और खपाने में शामिल लोग भी थे। इन्हीं में उमेश सिंह को भी गिरफ्तार किया गया था।
थाने लौटते समय बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार, रविवार भोर में पुलिस टीम आरोपी उमेश सिंह को लेकर थाने वापस लौट रही थी। इसी दौरान उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। उसे तुरंत जिला अस्पताल बलरामपुर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस का बयान: सिकलसेल से पीड़ित था आरोपी
मामले में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतक उमेश सिंह सिकलसेल बीमारी से पीड़ित था। संभवतः बीमारी के चलते उसकी तबीयत अचानक बिगड़ी और इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
अस्पताल में बढ़ाई गई सुरक्षा
घटना की जानकारी मिलते ही जिला अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



