
Axis Bank घोटाला: पूर्व कर्मचारी और पत्नी गिरफ्तार, 2.5 करोड़ की ठगी का खुलासा
रायपुर, 4 अगस्त 2025: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में एक्सिस बैंक के पूर्व कर्मचारी उमेश गोरले (46) और उसकी पत्नी उषा गोरले (43) को 2.5 करोड़ रुपये की ठगी के मामले में गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने नवंबर 2022 से अप्रैल 2025 के बीच ग्राहकों के नाम पर फर्जी लोन, ओवरड्राफ्ट खाते और नेट बैंकिंग का दुरुपयोग कर पैसे निकाले। ठगी की राशि से एक कार भी खरीदी गई थी। मामला डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र का है।
कैसे हुई ठगी: उमेश गोरले ग्राहकों के नाम से फर्जी लोन लेता था और रकम को अपने रिश्तेदारों के खातों में ट्रांसफर कर देता था। जांच में पता चला कि वह पहले पैसे मणप्पुरम गोल्ड लोन खातों में भेजता था, जहां उसका अपना खाता भी लिंक था। इसके बाद रकम को पत्नी उषा और मां तारादेवी गोरले के खातों में स्थानांतरित कर दिया जाता था। तारादेवी का खाता उमेश के मोबाइल नंबर और ईमेल से जुड़ा था, जिसके चलते उनकी भी जांच शुरू हो गई है।

खुलासा कैसे हुआ: 26 जुलाई को एक्सिस बैंक के मैनेजर रिंकू कुमार ने डोंगरगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उमेश ने ग्राहकों के दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल कर फर्जी लोन और ओवरड्राफ्ट खाते बनाए। मामला तब उजागर हुआ जब पीड़ित चांदमल अग्रवाल ने अपनी एफडी जांचने पर पाया कि उनके नाम पर 99 लाख रुपये का ओवरड्राफ्ट खाता खोला गया और 31 लाख रुपये निकाल लिए गए। इसी तरह पांच अन्य ग्राहकों के साथ भी धोखाधड़ी हुई।
पुलिस कार्रवाई: पुलिस ने धोखाधड़ी की राशि से खरीदी गई कार, लैपटॉप, मोबाइल और बैंक दस्तावेज जैसे पासबुक, एटीएम कार्ड व स्टाम्प पेपर जब्त किए हैं। अब तक 43 खाताधारकों ने शिकायत दर्ज कराई है। आरोपियों के खिलाफ धारा 318(4), 316(5) और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज हुआ। कोर्ट में पेशी के बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
आरोपियों का बयान: बैंक प्रबंधन के अनुसार, उमेश ने छह ग्राहकों से करीब 1.06 करोड़ रुपये गबन किए। जब ग्राहकों ने शिकायत की, तो उसने गड़बड़ी स्वीकार की लेकिन रकम लौटाने में असफल रहा।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



