
Bemetara में नशे पर कड़ा प्रहार: गाड़ी में छिपाकर रखे थे 25 किलो गांजा, एक तस्कर गिरफ्तार
बेमेतरा। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के एक मामले का खुलासा किया है। साइबर सेल बेमेतरा और पुलिस चौकी देवरबीजा की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी के पास से 25 किलो से अधिक गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3.88 लाख रुपये बताई जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर घोटमार्रा में दबिश
पुलिस चौकी प्रभारी देवरबीजा एएसआई रेशम लाल भास्कर ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम घोटमार्रा निवासी जागेश वर्मा अवैध रूप से गांजा सप्लाई करने के लिए गाड़ी में बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद साइबर सेल और पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से घेराबंदी कर आरोपी की गाड़ी को रोका।

गाड़ी की तलाशी में मिला भारी मात्रा में गांजा
पुलिस द्वारा जब वाहन की तलाशी ली गई तो उसमें प्लास्टिक की बोरियों में भरा 25 किलो से अधिक गांजा बरामद हुआ। आरोपी मौके पर ही कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद उसे तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया। बरामद गांजा और वाहन को जब्त कर लिया गया है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पूछताछ में आरोपी से गांजा कहां से लाया गया और कहां सप्लाई किया जाना था, इस संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस को आशंका है कि इस मामले में अन्य तस्कर भी शामिल हो सकते हैं।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



