
दुर्ग पुलिस की जागरूकता पहल: नए आपराधिक कानूनों पर प्रदर्शनी, 300 छात्र शामिल
दुर्ग, 29 नवंबर 2025। जिला पुलिस दुर्ग द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम, सेक्टर-06 भिलाई में नवीन भारतीय आपराधिक कानूनों—भारतीय न्याय संहिता 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम 2023—से आमजन और छात्रों को जागरूक करने हेतु एकदिवसीय प्रदर्शनी और कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यालयों के छात्र-छात्राएं और नागरिक शामिल हुए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश के. विनोद कुजूर ने नवीन कानूनों की प्रमुख विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इन कानूनों में बच्चों एवं महिलाओं के विरुद्ध अपराधों से निपटने के लिए कई महत्वपूर्ण धाराएँ जोड़ी गई हैं। उन्होंने प्रदर्शनी लगाने के लिए दुर्ग पुलिस की सराहना की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि नए आपराधिक कानूनों का उद्देश्य दंड देने से अधिक न्याय सुनिश्चित करना और सुधारात्मक दृष्टिकोण अपनाना है। उन्होंने त्रिनयन एप, समाधान एप और इमरजेंसी नंबरों के बारे में भी जागरूक किया।

दी गई नए कानूनों की जानकारी
सीजेएम भूपेश बसंत ने विद्यार्थियों को नवीन प्रावधानों की जानकारी देते हुए साइबर क्राइम से बचाव के जरूरी उपाय बताए। कार्यशाला के दौरान छात्रों को कंट्रोल रूम एवं प्रदर्शनी का विस्तृत भ्रमण कराया गया, जहां उन्हें आधुनिक सिस्टम, तकनीकी प्रक्रियाओं और नए कानूनों की जानकारी दी गई।

लगभग 300 छात्र-छात्राएं रहे उपस्थित
इस कार्यक्रम में विधिक सेवा समिति के सचिव उमेश कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सुखनंदन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिषेक झा, एएसपी आईयूसीएडब्ल्यू पदमश्री तंवर, डीएसपी वैजयंती माला तिग्गा, सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी सहित लगभग 300 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



