
Chhattisgarh: अवैध धान तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार
ओड़िशा से लाकर छत्तीसगढ़ में खपाने की थी साजिश
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अवैध धान तस्करी के खिलाफ पुलिस और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। खाद्य निरीक्षक की शिकायत पर लैलूंगा पुलिस ने ओड़िशा राज्य से अवैध रूप से धान लाकर उसे छत्तीसगढ़ के किसानों के नाम पर उपार्जन केंद्र में बेचने की कोशिश कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
60 क्विंटल धान और दो बुलेरो पिकअप जब्त
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो बुलेरो पिकअप वाहनों से कुल 60 क्विंटल अवैध धान जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 86 हजार रुपये बताई जा रही है। जब्त किए गए वाहन क्रमांक OD15N 9399 और OD16N 3755 ओड़िशा पंजीयन के हैं।

रात्रि गश्त के दौरान हुआ खुलासा
खाद्य विभाग लैलूंगा के खाद्य निरीक्षक खुशीराम नायक ने बताया कि 16–17 दिसंबर 2025 की रात DICCC रायगढ़ के संयुक्त दल द्वारा पाकरगांव–लैलूंगा मार्ग पर औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान दोनों पिकअप वाहनों को रोका गया, जहां जांच में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
बिना दस्तावेज और लाइसेंस के कर रहे थे परिवहन
जांच के दौरान यह पाया गया कि दोनों वाहन चालक बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चला रहे थे और धान से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह धान ओड़िशा से लाकर शेखर जायसवाल और कृष्ण जायसवाल के कहने पर छत्तीसगढ़ में खपाने जा रहे थे।
शासन को पहुंचाने वाले थे आर्थिक नुकसान
पुलिस के अनुसार, आरोपी इस अवैध धान को छत्तीसगढ़ के अन्य किसानों के नाम पर उपार्जन केंद्र में बेचने की योजना बना रहे थे, जिससे शासन को भारी आर्थिक क्षति पहुंचती। मामले में संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई कर आगे की जांच की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



