
अवैध अतिक्रमण हटाने के दौरान हंगामा, 6 और आरोपी गिरफ्तार
बलरामपुर। जिले के थाना रामचंद्रपुर पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा और राजस्व अधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार के बहुचर्चित मामले में फरार चल रहे 6 और आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई के साथ ही अब तक कुल 21 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इससे पहले 15 आरोपियों को पुलिस जेल भेज चुकी थी।
पुलिस की लगातार कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश गया है।
अवैध अतिक्रमण हटाने के दौरान हुआ था हंगामा
पुलिस के अनुसार मामला बालक छात्रावास रामचंद्रपुर की शासकीय भूमि से जुड़ा है। 9 दिसंबर 2025 को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के आदेश पर राजस्व विभाग की टीम अवैध अतिक्रमण हटाने पहुंची थी।

टीम में तहसीलदार अश्वनी चंद्रा, नायब तहसीलदार, पटवारी और अन्य कर्मचारी शामिल थे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात किया गया था।
इसी दौरान आरोपियों और उनके साथियों ने कथित रूप से राजस्व अधिकारियों के साथ धक्का-मुक्की की, गाली-गलौज की और लाठी-डंडों से हमला करने का प्रयास किया। हंगामे के चलते शासकीय कार्य बाधित हो गया।
दो घंटे तक घेराव और सड़क जाम
शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने अधिकारियों को लगभग दो घंटे तक घेरकर रखा और विरोध स्वरूप सड़क जाम कर दी। इससे मौके पर तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई थी।
घटना के संबंध में तहसीलदार अश्वनी चंद्रा ने 11 दिसंबर 2025 को थाना रामचंद्रपुर में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
बीएनएस की धाराओं में दर्ज हुआ अपराध
प्रार्थी के आवेदन पर थाना रामचंद्रपुर में अपराध क्रमांक 54/2025 के तहत धारा 296, 351(3), 191(1), 221 और 132 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे और जांच में सहयोग नहीं कर रहे थे।
15 के बाद 6 और आरोपी गिरफ्तार
पुलिस की लगातार दबिश के बाद 9 फरवरी 2026 को 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। इसी कड़ी में 11 फरवरी 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर फरार चल रहे 6 और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद बक्स (43 वर्ष), माहताब अंसारी (36 वर्ष), रिजवान अंसारी (24 वर्ष), अलीबक्स अंसारी (35 वर्ष), इब्राहिम अंसारी (45 वर्ष) और नूर मोहम्मद (25 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी रामचंद्रपुर थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों के निवासी बताए जा रहे हैं।
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी
पुलिस ने पूछताछ और आवश्यक साक्ष्य संकलन के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



