
परसदा खुर्द में फर्जी आबकारी अधिकारी बनकर अवैध वसूली
चार आरोपी गिरफ्तार, एक फरार; पुलिस ने किया बड़ा खुलासा
सक्ती। जिले के परसदा खुर्द गांव में फर्जी आबकारी अधिकारी बनकर अवैध वसूली करने वाले गिरोह का सक्ती पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। आरोपियों के कब्जे से 3 मोबाइल फोन और 2 बाइक जब्त की गई हैं।
फर्जी अधिकारी बनकर पहुंचे घर, तलाशी के नाम पर मांगे 30 हजार रुपए
सक्ती एएसपी हरीश यादव के अनुसार परसदा खुर्द गांव में रहने वाली अमरीका बाई के घर पांच युवक पहुंचे। उन्होंने खुद को आबकारी विभाग का अधिकारी बताते हुए घर की तलाशी लेना शुरू कर दिया। युवकों ने अमरीका बाई को शराब बनाने और पिलाने का आरोप लगाते हुए 30 हजार रुपए की अवैध मांग की।
धमकी से डराई गई महिला ने तुरंत इसकी सूचना गांव वालों और पुलिस को दी।

पुलिस की तत्परता से गिरोह पकड़ा गया
सूचना मिलते ही सक्ती पुलिस मौके पर पहुंची और चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कहा कि आरोपियों ने गांव में भ्रम फैलाकर वसूली करने की योजना बनाई थी।
फरार आरोपी की तलाश जारी
पुलिस फरार आरोपी की खोज में लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों ने बताया कि गिरोह के अन्य कनेक्शन और उनके पिछले रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



