
तालाब नहाने जा रहे 10वीं के छात्र को ऑटो ने मारी टक्कर, इलाज के दौरान मौत
रायगढ़। शहर के चक्रधर नगर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में नाबालिग छात्र की मौत हो गई। तेज रफ्तार ऑटो की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए किशोर ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
नदी पुल के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, कुकुर्दा निवासी अंकुश मेहर (पिता – सुदामा मेहर) साइकिल से तालाब नहाने जा रहा था। इसी दौरान नदी पुल के पास पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ऑटो ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अंकुश गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों और ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

चालक को ग्रामीणों ने पकड़ा, फिर हुआ फरार
घटना के बाद ग्रामीणों ने ऑटो चालक को पकड़ लिया था। चालक की पहचान संजय अग्रवाल के रूप में बताई जा रही है। बताया जाता है कि बाद में उसने अपने परिचितों को बुलाया और कार से घायल किशोर के परिजनों से मिलने भी गया।
इसी बीच अस्पताल से किशोर की मौत की खबर मिलते ही आरोपी ऑटो चालक मौके से फरार हो गया।
बोर्ड परीक्षा से पहले बुझ गया घर का चिराग
अंकुश मेहर 10वीं कक्षा का छात्र था और अघोर आश्रम बनोरा में पढ़ाई कर रहा था। उसकी बोर्ड परीक्षा महज आठ दिन बाद शुरू होने वाली थी। वह परीक्षा की तैयारी में जुटा हुआ था।
अचानक हुए इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। स्कूल और गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस ने दर्ज किया मर्ग, आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फरार ऑटो चालक की तलाश के लिए टीम गठित की गई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



