
Raipur : आत्मानंद स्कूल मोवा में कक्षा के भीतर चाकू लहराने का मामला
आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेज़ी माध्यम विद्यालय, मोवा में कक्षा के भीतर चाकू लहराने की घटना को लेकर रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो को गंभीरता से लेते हुए थाना पण्डरी पुलिस ने त्वरित जांच कर मुख्य आरोपी को चाकू सहित गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य तीन विधि से संघर्षरत बालकों को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो
विगत दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें आत्मानंद स्कूल मोवा के कक्षा कक्ष के भीतर कुछ छात्र चाकू लहराते हुए दिखाई दे रहे थे। वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर थाना पण्डरी पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।
मुख्य आरोपी की पहचान, चाकू किया गया बरामद
जांच में सामने आया कि वीडियो में दिखाई देने वाला मुख्य आरोपी सुशांत प्रधान, पिता सुशील प्रधान, उम्र 19 वर्ष, निवासी बी.एस.यू.पी. कॉलोनी, सड्डू है, जो कक्षा 12वीं का छात्र है। आरोपी ने करीब एक माह पूर्व अवैध रूप से चाकू स्कूल परिसर में लाया था और कक्षा के भीतर अपने दोस्तों को दिखाया।
दोस्तों ने बनाया वीडियो, जो हुआ वायरल
आरोपी के साथ मौजूद तीन अन्य छात्र, जो विधि से संघर्षरत बालक हैं, उन्होंने चाकू हाथ में लेकर वीडियो बनाया था। यही वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे मामला सामने आया।
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस द्वारा आरोपी को तलब कर पूछताछ की गई, जिसमें उसने चाकू रखने और स्कूल परिसर में ले जाने की बात स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर चाकू को विधिवत जप्त किया गया। थाना पण्डरी में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 33/2026, धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



