
ASP आकाश राव गिरिपूंजे शहादत मामला: SIA ने चार नक्सली आरोपियों के खिलाफ NIA कोर्ट में पेश किया चार्जशीट
रायपुर। सुकमा जिले के कोंटा थाना क्षेत्र में 9 जून 2025 को हुए आईईडी विस्फोट में शहीद हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) आकाश राव गिरिपूंजे की हत्या के मामले में राज्य अन्वेषण अभिकरण (SIA) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार नक्सली आरोपियों के खिलाफ अभियोग पत्र दाखिल कर दिया है। SIA ने यह चार्जशीट विशेष एनआईए कोर्ट, दंतेवाड़ा में प्रस्तुत की है।

उल्लेखनीय है कि इस नक्सली हमले में ASP आकाश राव गिरिपूंजे शहीद हो गए थे, जबकि DSP भानुप्रताप चन्द्राकर और थाना कोंटा के टीआई सोनल ग्वाला गंभीर रूप से घायल हुए थे। घटना के दिन नक्सलियों ने ढोंढ़रीबेड़ा स्थित पत्थर खदान में एक पोकलेन मशीन को आग के हवाले कर दिया था। सूचना मिलने पर ASP गिरिपूंजे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे, इसी दौरान पहले से लगाए गए आईईडी विस्फोट की चपेट में आने से यह दर्दनाक हादसा हुआ।
SIA जांच में हुआ बड़ा खुलासा
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने मामले की जांच SIA को सौंपी थी। SIA टीम ने सुकमा और कोंटा क्षेत्र में लगातार कैंप लगाकर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच में ग्राम नीलामडगू के नक्सली सदस्यों की संलिप्तता सामने आई।

मुखबिर की सूचना पर जन मिलिशिया अध्यक्ष सोढ़ी गंगा को गिरफ्तार किया गया, जिसने पूछताछ में नक्सली हितेश, माड़वी देवा सहित अन्य साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की। आरोपियों की निशानदेही पर एक जिंदा विस्फोटक सामग्री भी बरामद की गई।
नक्सली साजिश का खुलासा
जांच में सामने आया कि जून 2025 में नारायणपुर जिले में शीर्ष नक्सली नेता बसवा राजू के मारे जाने के बाद, कोंटा एरिया कमेटी के नक्सली कमांडर वेटटी मांगडू ने क्षेत्र में पुलिस बल को नुकसान पहुंचाने और हथियार लूटने की साजिश रची थी। इसी बैठक में ASP आकाश राव गिरिपूंजे और उनके स्टाफ पर हमले की योजना बनाई गई।
गिरफ्तार नक्सली आरोपी
- सोढ़ी गंगा पिता सिंगा, ग्राम नीलामडगू, थाना भेजी, जिला सुकमा
- सोढ़ी देवा पिता सिंगा
- मुचाकी लखमा पिता हड़मा
- कुंजाम देवा पिता हिडमा
चारों आरोपियों को पहले ही न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका था। अब SIA ने 19 दिसंबर 2025 को इनके विरुद्ध चार्जशीट दाखिल कर दी है।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी
SIA ने बताया कि इस नक्सली षड्यंत्र में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। इस चार्जशीट के दाखिल होने से न केवल शहीद ASP गिरिपूंजे के परिवार को न्याय की उम्मीद मिली है, बल्कि सुकमा-कोंटा क्षेत्र में नक्सली आतंक के खिलाफ एक सख्त संदेश भी गया है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



