March 4, 2026
जमीन विवाद में हिंसक झड़प: ASI पर महिला का सिर फोड़ने का आरोप, दोनों पक्षों पर FIR

जमीन विवाद में हिंसक झड़प: ASI पर महिला का सिर फोड़ने का आरोप, दोनों पक्षों पर FIR

Jan 5, 2026

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंधी में जमीन और कोठार पर कब्जे को लेकर चला आ रहा पुराना विवाद शनिवार सुबह हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। इस दौरान महिलाएं, बुजुर्ग और एक पुलिस अधिकारी घायल हो गए। विवाद में एक पक्ष तारबाहर थाने में पदस्थ एएसआई संजय शर्मा का होना मामले को और संवेदनशील बना रहा।

ये है पूरा मामला 

जानकारी के अनुसार, ग्राम पंधी निवासी राजीव शर्मा ने सीपत थाने में शिकायत दर्ज कराई कि वह शनिवार सुबह करीब 9.30 बजे अपनी बहन आंचल शर्मा के साथ कोठार पहुंचे थे। वहां लगी जाली तार की घेराबंदी हटाने को लेकर दूसरे पक्ष के हितेश शर्मा ने विरोध किया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई।

एएसआई को भी लगी चोट 

राजीव शर्मा का आरोप है कि हितेश शर्मा, रमेश शर्मा और बबली शर्मा ने गाली-गलौज करते हुए पत्थर और डंडों से हमला किया, जिसमें उन्हें और उनकी बहन को चोटें आईं। सूचना मिलने पर उनके पिता एएसआई संजय शर्मा मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने लगे, लेकिन आरोप है कि इस दौरान लोहे की वस्तु से उन पर भी हमला किया गया। हमले में एएसआई के चेहरे और उंगली में गंभीर चोटें आई हैं।

महिला ने लगाए उल्टे आरोप

वहीं, दूसरे पक्ष की बबली शर्मा ने भी सीपत थाने में अलग शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि एएसआई संजय शर्मा, उनके बेटे और बेटी जबरन कोठार की जाली काट रहे थे। विरोध करने पर एएसआई ने लोहे की वस्तु से उनके सिर पर वार किया, जिससे वह लहूलुहान हो गईं। साथ ही उनके पति हितेश शर्मा और ससुर रमेश शर्मा के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है। दोनों पक्षों के घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।

पुलिस का दावा – निष्पक्ष जांच

सीपत थाना प्रभारी राजेश मिश्रा ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर अपराध दर्ज कर लिया गया है। मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच की जा रही है। साक्ष्य, गवाहों के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून सभी के लिए समान है, चाहे वह आम नागरिक हो या पुलिसकर्मी।

👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇

https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V


Walkie Talkie News की शुरुआत हमने इस सोच के साथ की कि आपको हर खबर मिले सबसे पहले, सबसे सटीक और बिना किसी लाग-लपेट के। डिजिटल दौर में जहाँ अफवाहें हवा से तेज़ फैलती हैं, वहाँ हमारा मकसद है—आप तक पहुँचे सिर्फ़ सच, वो भी रियल टाइम में। भिलाई-दुर्ग और आसपास की हर लोकल हलचल, हर अहम जानकारी अब आपकी उंगलियों की ज़द में है।
Editor: Saurabh Tiwari
Phone: 8839303956
Email: walkietalkiemynews@gmail.com
Office Address: Shop No. 25, Aakash Ganga, Supela, Bhilai, Durg, Chhattisgarh

© Copyright Walkie Talkie News 2025 | All Rights Reserved | Made in India by MediaFlix