
जेल से छूटते ही Raipur में फिर ‘हाथ साफ’: देश का सबसे शातिर चोर गिरफ्तार, दिल्ली-आंध्रप्रदेश तक हिला चुका है ज्वेलरी बाजार
रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस ने एक बार फिर देश के ‘सुपर चोर’ कहे जाने वाले लोकेश श्रीवास उर्फ गोलू को गिरफ्तार कर लिया है। दिल्ली और छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों में करोड़ों की चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाला यह शातिर अपराधी बिलासपुर जेल से छूटने के महज 24 घंटे के भीतर रायपुर में सक्रिय हो गया था। रायपुर पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और थाना सिविल लाइन की संयुक्त टीम ने तकनीकी विश्लेषण और सीसीटीवी फुटेज की मदद से इसे दबोचा है।

वारदात: बिलासपुर जेल से निकलते ही राजधानी में सेंधमारी
जानकारी के अनुसार, लोकेश श्रीवास बिलासपुर जेल से रिहा हुआ और अगले ही दिन रायपुर पहुँच गया। उसने 31 जनवरी और 1 फरवरी की दरमियानी रात सिविल लाइन और मौदहापारा क्षेत्र में अपनी पुरानी कार्यशैली (नकबजनी) का परिचय दिया:
- सिविल लाइन: लब-डब कपड़ा दुकान, नोवा फर्नीचर और डिजाइनर सेनिटेशन की छत तोड़कर ₹7,00,000 नगद पार किए।
- मौदहापारा: के.के. रोड स्थित जया ऑटोमोबाइल की छत तोड़कर चोरी की।
हजारों सीसीटीवी कैमरों ने खोला राज
शहर में एक साथ हुई इन वारदातों के बाद आईजी और एसपी के निर्देश पर टीम गठित की गई। पुलिस ने जब हजारों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और तरीका-ए-वारदात (MODUS OPERANDI) का विश्लेषण किया, तो शक की सुई लोकेश श्रीवास पर जा टिकी। एण्टी क्राईम एण्ड सायबर यूनिट के डेटा बेस से मिलान करने पर स्पष्ट हो गया कि छत काटकर घुसने की यह कलाकारी लोकेश की ही है।
लोकेश श्रीवास का ‘काला इतिहास‘
लोकेश श्रीवास कोई साधारण चोर नहीं है, उसके नाम पर दर्जनों बड़े मामले दर्ज हैं:
- दिल्ली: भोगल ज्वेलरी शॉप से 18.5 किलोग्राम सोना चोरी (देश की सबसे चर्चित चोरियों में से एक)।
- आंध्रप्रदेश: विजयनगर की दुकान से 6 किलोग्राम सोना।
- छत्तीसगढ़: दुर्ग के पारख ज्वेलर्स से 4 करोड़ के हीरे और सोना।
- अन्य: ओडिशा (500 ग्राम सोना), राजनांदगांव, कबीरधाम और बिलासपुर में कई बड़ी चोरियां।

जब्ती और कार्यवाही
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई नगद राशि में से ₹79,500, दो मोबाइल फोन (कुल कीमत ₹1 लाख) बरामद किए हैं। आरोपी ने पूछताछ में रायपुर सहित प्रदेश के अन्य जिलों में दर्जनभर नई वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस अब उसे रिमांड पर लेकर अन्य चोरी के माल की बरामदगी की कोशिश कर रही है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



