March 5, 2026
टोल प्लाजा की मनमानी: कमाई बढ़ाने गांव की सड़क पर गाड़ दिया खंभा, कलेक्टर ने लिया एक्शन

टोल प्लाजा की मनमानी: कमाई बढ़ाने गांव की सड़क पर गाड़ दिया खंभा, कलेक्टर ने लिया एक्शन

Dec 26, 2025

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में टोल प्लाजा कर्मचारियों की मनमानी का बड़ा मामला सामने आया है। कमाई बढ़ाने के लालच में टोल प्लाजा कर्मचारियों ने गांव की मुख्य सड़क पर लोहे का खंभा गाड़कर रास्ता बंद कर दिया, जिससे ग्रामीणों को जबरन टोल प्लाजा से होकर गुजरना पड़े। मामला सामने आते ही प्रशासन हरकत में आया और कलेक्टर के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई की गई।

जानकारी के मुताबिक, सक्ती–बाराद्वार मुख्य मार्ग एनएच-49 पर ग्राम जेठा में करीब एक साल से टोल प्लाजा संचालित है। इसी टोल प्लाजा से सटी एक बाईपास सड़क है, जिसका उपयोग स्थानीय लोग कलेक्टर कार्यालय, एसपी कार्यालय और जिला पंचायत कार्यालय जाने के लिए करते थे। इस सड़क के चलते लोगों को टोल चुकाने से राहत मिल रही थी, जो टोल प्लाजा संचालकों को रास नहीं आया।

इसी के चलते टोल कर्मचारियों ने नियम-कानून को ताक पर रखते हुए गांव की इस सड़क पर लोहे का खंभा गाड़ दिया और रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया। इससे ग्रामीणों और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

कलेक्टर बोले—मनमानी बर्दाश्त नहीं

मामले की जानकारी मिलते ही कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाया और अपर कलेक्टर, तहसीलदार और लोक निर्माण विभाग की टीम को मौके पर भेजा। प्रशासनिक टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सड़क से खंभा हटवाया और रास्ते को फिर से चालू कराया। कलेक्टर ने साफ शब्दों में कहा कि इस तरह की मनमानी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

टोल संचालक पर होगी कार्रवाई

लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बिना अनुमति पीडब्ल्यूडी सड़क को खोदा गया है। इस मामले में टोल प्लाजा संचालक को नोटिस जारी किया जाएगा और वैधानिक कार्रवाई के साथ वसूली भी की जाएगी।

राजनीतिक संरक्षण के आरोप

स्थानीय लोगों का आरोप है कि टोल प्लाजा संचालक को कुछ जनप्रतिनिधियों और बड़े नेताओं का संरक्षण प्राप्त है, जिसके चलते बार-बार नियमों की अनदेखी की जा रही है। उल्लेखनीय है कि कुछ समय पहले हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश ने भी इस टोल प्लाजा को हटाने के निर्देश दिए थे, लेकिन राजनीतिक दबाव के चलते अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी।

👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇

https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V


Walkie Talkie News की शुरुआत हमने इस सोच के साथ की कि आपको हर खबर मिले सबसे पहले, सबसे सटीक और बिना किसी लाग-लपेट के। डिजिटल दौर में जहाँ अफवाहें हवा से तेज़ फैलती हैं, वहाँ हमारा मकसद है—आप तक पहुँचे सिर्फ़ सच, वो भी रियल टाइम में। भिलाई-दुर्ग और आसपास की हर लोकल हलचल, हर अहम जानकारी अब आपकी उंगलियों की ज़द में है।
Editor: Saurabh Tiwari
Phone: 8839303956
Email: walkietalkiemynews@gmail.com
Office Address: Shop No. 25, Aakash Ganga, Supela, Bhilai, Durg, Chhattisgarh

© Copyright Walkie Talkie News 2025 | All Rights Reserved | Made in India by MediaFlix