
आरंग: महानदी में तेज बहाव के बीच फंसा युवक, SDRF और पुलिस कर रही रेस्क्यू
आरंग। नेशनल हाईवे 53 स्थित महानदी पुल के नीचे एक युवक पानी के तेज बहाव के बीच फंसा हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही आरंग पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। हालांकि अंधेरा और नदी के तेज बहाव के कारण रेस्क्यू अभियान में बचाव दल को कठिनाई हो रही है। पूरा मामला आरंग के पारागांव का है।

भारी बारिश से जलभराव, महानदी का जलस्तर बढ़ा
आज सुबह से हो रही मूसलाधार बारिश के चलते आरंग क्षेत्र के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति है। लगातार पानी गिरने से महानदी का जलस्तर भी काफी बढ़ गया है। इसी बीच युवक के नदी में फंसे होने की खबर से प्रशासन हरकत में आया।

थाना प्रभारी और SDRF की टीम मौके पर
सूचना मिलने पर आरंग थाना प्रभारी राजेश सिंह अपने स्टाफ के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। इसके साथ ही एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची और युवक तक पहुंचने की कोशिश शुरू की।
रेस्क्यू में आ रही मुश्किलें
तेज बहाव और अंधेरा होने के कारण बचाव कार्य में दिक्कतें आ रही हैं। फिलहाल युवक सुरक्षित है और इशारों के जरिए बचाव दल से संपर्क बनाए हुए है। निसदा डैम का गेट बंद कर पानी का बहाव कम करने और युवक को सुरक्षित निकालने की कोशिश की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



