
Kabirdham पुलिस ने अंतरराज्यीय नेटवर्क का किया खुलासा,नकली शराब सप्लाई नेटवर्क का भंडाफोड़, दो बड़े सप्लायर गिरफ्तार
कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में नकली शराब निर्माण और सप्लाई से जुड़े बड़े नेटवर्क का पुलिस ने सफलतापूर्वक भंडाफोड़ किया है। बीते दिनों पोड़ी क्षेत्र में पकड़ी गई नकली देशी प्लेन शराब फैक्ट्री के आरोपियों नंद कुमार और साजिद की जानकारी के आधार पर पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाते हुए इस नेटवर्क की जड़ तक पहुंच बनाई।
व्यवसाय के नाम पर मंगाई जाती थी भारी मात्रा में स्पिरिट
जांच में सामने आया कि आरोपी एक अलग व्यवसाय के नाम पर भारी मात्रा में स्पिरिट मंगवाते थे, जिसे बाद में विभिन्न राज्यों में फैले अवैध शराब निर्माण नेटवर्कों को सप्लाई किया जाता था। यह स्पिरिट नकली देशी और विदेशी शराब बनाने में इस्तेमाल होती थी।

विशेष टीम जमशेदपुर पहुंची, दो बड़े सप्लायर गिरफ्तार
नेटवर्क का दायरा छत्तीसगढ़ से बाहर तक फैला होने की जानकारी के बाद कबीरधाम पुलिस ने अपनी कार्रवाई को अंतरराज्यीय स्तर तक बढ़ाया। पुलिस की विशेष टीम झारखंड के जमशेदपुर पहुंची और दबिश देकर दो बड़े सप्लायरों—
- राकेश कोहली (39 वर्ष)
- मोहन प्रसाद गुप्ता (67 वर्ष)
को गिरफ्तार करने में सफलता पाई।
पुलिस करेगी नेटवर्क के बाकी सदस्यों की तलाश
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। नेटवर्क के अन्य सदस्यों, वित्तीय लेन-देन और अवैध शराब फैक्ट्रियों के अन्य ठिकानों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है। पुलिस अब इस रैकेट को पूरी तरह खत्म करने के लिए आगे की कार्रवाई कर रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



