
हिडमा के खात्मे के बाद अमित शाह का छत्तीसगढ़ दौरा, बस्तर में करेंगे उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक
बस्तर। नक्सल विरोधी अभियान में सुरक्षा बलों को मिली बड़ी सफलता के बाद अब केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह छत्तीसगढ़ के दौरे पर आने वाले हैं। कुख्यात नक्सली कमांडर हिडमा के ढेर होने के बाद यह दौरा बेहद रणनीतिक माना जा रहा है। जानकारी के अनुसार, अमित शाह 13 दिसंबर को बस्तर पहुंचेंगे और यहां कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

बस्तर ओलंपिक से जुड़े कार्यक्रम में लेंगे हिस्सा
गृह मंत्री बस्तर ओलंपिक से जुड़े एक विशेष कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे, जहां वे क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत, खेलों और युवाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने से जुड़े आयोजनों को संबोधित कर सकते हैं। इसके साथ ही शाह सुरक्षा एजेंसियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक करेंगे।
जानिए बैठक में क्या होगी चर्चा
इस बैठक में हालिया नक्सल ऑपरेशन, हिडमा के खात्मे के बाद संगठन की वर्तमान स्थिति और आगे की रणनीति पर विस्तृत चर्चा होगी। माना जा रहा है कि वे उन जवानों से सीधे संवाद कर सकते हैं, जो इस सफल अभियान का हिस्सा थे।

हिडमा उर्फ संतोष पिछले दो दशकों से नक्सलियों की सबसे खतरनाक यूनिट पीएलजीए बटालियन नंबर-1 का कमांडर था और देशभर में वांछित सूची के शीर्ष पर शामिल था। उस पर 6 करोड़ रुपए तक का इनाम घोषित था और वह कई बड़े हमलों का मास्टरमाइंड था, जिनमें 2010 का दंतेवाड़ा हमला और 2013 का झीरम घाटी कांड प्रमुख हैं।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



