
Ambikapur: व्यवसायी पर जानलेवा हमला कर 20 लाख की लूट, दो आरोपी गिरफ्तार
पूर्व कर्मचारी ने रची थी साजिश, घर से 300 मीटर दूर हुई वारदात
रायपुर। अंबिकापुर कोतवाली थाना क्षेत्र में रविवार देर रात व्यवसायी पर हुए जानलेवा हमले और 20 लाख रुपए की लूट के मामले का सरगुजा पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात में शामिल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना सत्तीपारा स्थित रानी सती मंदिर कॉलोनी के पास घटित हुई थी।

स्कूटी से घर लौटते समय हमला
पीड़ित अनिल अग्रवाल मोबाइल कंपनी के डीलर और हिंदुस्तान यूनिलीवर कंपनी के फ्रेंचाइजी संचालक हैं। जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 9:30 बजे वे स्कूटी से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान घात लगाए एक आरोपी ने उनके सिर पर बांस के डंडे से जोरदार वार किया।
बैग में रखे 20 लाख रुपये लूटे
हमले के बाद आरोपी ने अनिल अग्रवाल के पास मौजूद बैग छीन लिया, जिसमें करीब 20 लाख रुपए नकद रखे थे। यह पूरी घटना उनके घर से महज 300 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
पूर्व कर्मचारी निकला मास्टरमाइंड
पुलिस की तफ्तीश में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया कि इस लूट की साजिश पीड़ित के पूर्व कर्मचारी दीपक दास ने अपने साथी रोहित दास के साथ मिलकर रची थी। दोनों को व्यवसायी की दिनचर्या और नकदी की जानकारी पहले से थी।
पुलिस ने किया खुलासा, आरोपियों से पूछताछ जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपियों से लूट की रकम और वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार को लेकर पूछताछ कर रही है। सरगुजा पुलिस का कहना है कि जल्द ही लूटी गई राशि की बरामदगी की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



