
Ambikapur:विदेशी डॉक्टर से दोस्ती कर 6.13 लाख गंवा बैठी महिला फॉरेस्ट गार्ड, मुंबई Airport के नाम पर हुई ठगी
अंबिकापुर: सरगुजा जिले के सीतापुर रेंज में पदस्थ महिला फॉरेस्ट गार्ड के साथ फेसबुक और व्हाट्सएप के जरिए साइबर फ्रॉड का बड़ा मामला सामने आया है। सुनयना वनरक्षक की दोस्ती ‘डॉ. विलियम डेविड’ नामक व्यक्ति से फेसबुक पर हुई, जिसने खुद को विदेश में डॉक्टर बताया। आरोपी ने महिला को बताया कि वह उसके लिए महंगा गिफ्ट, ज्वेलरी और 50,000 अमेरिकी डॉलर भेज रहा है।

मुंबई एयरपोर्ट से कॉल और प्रोसेसिंग फीस का जाल
कुछ दिन बाद एक महिला ने फोन कर खुद को मुंबई एयरपोर्ट स्टाफ बताया। उसने कहा कि पार्सल में विदेशी मुद्रा, गहने और गिफ्ट आए हैं, लेकिन उसे छुड़वाने के लिए प्रोसेसिंग फीस, इनकम टैक्स और कन्वर्जन चार्ज देने होंगे। पीड़िता को अलग-अलग खातों और यूपीआई नंबरों पर 30 अगस्त से 6 सितंबर के बीच 6 लाख 13 हजार रुपए ट्रांसफर करने को कहा गया। रकम न देने पर कानूनी कार्रवाई की धमकी भी दी गई, जिससे डर के कारण महिला ने पैसे भेज दिए।

बाद में हुआ ठगी का एहसास, पुलिस में रिपोर्ट
रकम ट्रांसफर करने के बाद महिला वनरक्षक को जब ठगी का एहसास हुआ, तो उसने साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत की और सीतापुर थाने में मामला दर्ज कराया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर तेज़ी से जांच शुरू की है।
साइबर ठगों के नए तरीके
यह मामला दर्शाता है कि कैसे सोशल मीडिया पर दोस्ती और विदेशी गिफ्ट-डॉलर भेजने का लालच देकर पढ़े-लिखे लोगों को भी आसानी से ठगा जा सकता है। ऐसी घटनाें देशभर में लगातार सामने आ रही हैं, जहां फर्जी कॉल, ईमेल और सोशल मीडिया के जरिए लाखों रुपये वसूले जा रहे हैं। साइबर पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चला रही है कि इस तरह के किसी भी मैसेज या कॉल से सतर्क रहें और कभी भी अनजान व्यक्ति को रुपया ट्रांसफर न करें



