
अंबिकापुर में प्रेम प्रसंग का खौफनाक अंत, नाबालिग प्रेमी ने की प्रेमिका की हत्या
तीन महीने बाद चिरगा नाले के पास मिला कंकाल, आरोपी गिरफ्तार
सरगुजा। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। प्रेम प्रसंग के विवाद में एक नाबालिग प्रेमी ने अपनी नाबालिग प्रेमिका की हत्या कर शव को चिरगा नाले के पास दफन कर दिया। यह वारदात तीन महीने पुरानी है, लेकिन पुलिस ने अब आरोपी की निशानदेही पर किशोरी का कंकाल बरामद किया है।
तीन महीने पहले हुई थी वारदात
जानकारी के अनुसार, किशोरी अंबिकापुर के पटपरिया इलाके में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही थी। 3 अगस्त को वह अचानक लापता हो गई। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट गांधीनगर थाना में दर्ज कराई थी। पुलिस ने जांच के दौरान प्रेम-प्रसंग के एंगल पर ध्यान केंद्रित किया।

आरोपी ने कबूली हत्या की बात
जांच के दौरान पुलिस ने नाबालिग प्रेमी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि प्रेमिका से विवाद के बाद उसने गुस्से में उसकी हत्या कर दी और शव को चिरगा नाले के पास दफन कर दिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस मौके पर पहुंची और कंकाल सहित किशोरी के कपड़े बरामद किए।
लुंड्रा के नाबालिग से हुआ था परिचय
मृतिका सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली थी और पढ़ाई के लिए अंबिकापुर में रह रही थी। वहीं आरोपी लुंड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम ससौली का निवासी है। दोनों के बीच पिछले कुछ समय से प्रेम संबंध थे, लेकिन आपसी विवाद के चलते यह दर्दनाक घटना घट गई।
पुलिस कर रही आगे की जांच
बतौली थाना पुलिस ने आरोपी नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया है और उसे किशोर न्याय बोर्ड में पेश करने की तैयारी की जा रही है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि हत्या में किसी और की संलिप्तता थी या नहीं।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



