
अंबिकापुर Central जेल का बंदी अस्पताल से फरार
सरगुजा। अंबिकापुर सेंट्रल जेल में निरुद्ध एक बंदी सोमवार सुबह मेडिकल कॉलेज अस्पताल से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, उक्त बंदी को दो दिन पहले बीमारी के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सोमवार सुबह वह सुरक्षा कर्मियों से बाथरूम जाने की अनुमति लेकर गया, लेकिन काफी देर तक लौटकर नहीं आया।
जब वह काफी समय तक नहीं लौटा तो सुरक्षा कर्मियों ने उसकी तलाश शुरू की, मगर उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने घटना की सूचना जेल प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही जेल प्रबंधन में हड़कंप मच गया और पुलिस को अलर्ट कर दिया गया। यह मामला मणिपुर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

हत्या के मामले में सजा काट रहा था बंदी
मिली जानकारी के अनुसार, फरार बंदी का नाम मुकेश कांत है, जो बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम मल्हार का निवासी है। मुकेश कांत को हत्या के एक मामले में दोषी पाए जाने पर उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। सजा के बाद उसे अंबिकापुर सेंट्रल जेल भेजा गया था, जहाँ वह लंबे समय से बंद था।
4 अक्टूबर को उसकी तबीयत बिगड़ने पर जेल प्रशासन ने उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया था। अस्पताल में भर्ती रहते हुए ही सोमवार सुबह वह सुरक्षाकर्मियों को धोखा देकर बाथरूम के बहाने फरार हो गया।

अलर्ट पर पुलिस, फरार बंदी की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही अंबिकापुर पुलिस और जेल प्रशासन ने शहर के सभी संभावित स्थानों पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। पुलिस ने बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और शहर की सीमाओं पर नाकाबंदी कर तलाशी अभियान चलाया।
फिलहाल, फरार बंदी की तलाश जारी है। पुलिस ने आसपास के जिलों को भी सूचना भेज दी है ताकि बंदी को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।



