
AI से हथियारों की तस्वीरें बनाना पड़ा भारी, क्राइम ब्रांच ने युवक को हिरासत में लिया
रायपुर। राजधानी रायपुर में सोशल मीडिया पर हथियारों के प्रदर्शन का सिलसिला जारी है। अब युवा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का दुरुपयोग करके अवैध हथियारों के साथ अपनी फोटो जनरेट कर पोस्ट कर रहे हैं, जिससे कानून-व्यवस्था को चुनौती मिल रही है।
वायरल फोटो से पुलिस हरकत में आई
थाना तेलीबांधा क्षेत्र के विशाल नगर हीरानगर निवासी गौरव छतरी की एक फोटो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई। इस फोटो में गौरव के हाथ में 9 एमएम पिस्टल दिखाई दे रही थी। फोटो वायरल होते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और जांच शुरू कर दी। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर क्राइम ब्रांच और तेलीबांधा थाने की संयुक्त टीम ने युवक की पतासाजी की।

युवक ने कबूला AI से बनाई फोटो
क्राइम ब्रांच थाना प्रभारी सचिन सिंह और तेलीबांधा थाना प्रभारी अविनाश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गौरव छतरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में गौरव ने स्वीकार किया कि वायरल तस्वीर असली नहीं है, बल्कि उसने AI की मदद से इसे जनरेट किया था। उसका मकसद सोशल मीडिया पर प्रभाव जमाना और खुद को खतरनाक दिखाना था।
युवाओं में बढ़ रहा AI का दुरुपयोग
पुलिस जांच में पता चला है कि आजकल कई युवा AI तकनीक का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं। वे अपनी तस्वीरों में तलवार, बटनदार चाकू, पिस्टल या देसी कट्टा जैसे अवैध हथियार जोड़कर फोटो बनाते हैं और सोशल मीडिया पर शेयर करते हैं। इससे समाज में गलत संदेश जाता है और अपराधियों के मनोबल को बढ़ावा मिलता है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



