
नए साल की पार्टियों से पहले ड्रग माफिया पर वार,10 करोड़ रुपये से अधिक की हेरोइन बरामद
नई दिल्ली : नए साल से पहले दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय एक बड़े ड्रग सिंडिकेट का क्राइम ब्रांच ने भंडाफोड़ करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान दो तस्करों अंशुल राणा और विक्की को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2.034 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। जब्त की गई हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 10 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।

छह मोबाइल फोन भी जब्त
क्राइम ब्रांच ने तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे एक वाहन के साथ-साथ गिरोह के संचालन में प्रयुक्त छह मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपी अंशुल राणा ने खुलासा किया कि वह दिल्ली-एनसीआर में हेरोइन सप्लाई करने वाले एक संगठित ड्रग गिरोह का सक्रिय सदस्य है। उसने बताया कि बरामद हेरोइन उसने सह-आरोपी विक्की से खरीदी थी, जो उत्तर प्रदेश के बरेली से मादक पदार्थ मंगवाकर दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई करता था।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, नए साल की पार्टियों के दौरान ड्रग्स की बढ़ती मांग को देखते हुए यह सिंडिकेट बड़ी खेप खपाने की तैयारी में था। जब्त हेरोइन की शुद्धता अधिक होने के कारण इसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में काफी ज्यादा बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस जब्त मोबाइल फोन की डिजिटल फॉरेंसिक जांच कर रही है, ताकि गिरोह से जुड़े अन्य तस्करों, सप्लायरों और डिलीवरी नेटवर्क का पता लगाया जा सके। जांच में सामने आया है कि इस पूरे ड्रग नेटवर्क का मुख्य स्रोत उत्तर प्रदेश का बरेली है। पुलिस अब वहां मौजूद सप्लायरों तक पहुंचने के लिए छापेमारी की योजना बना रही है। क्राइम ब्रांच का कहना है कि इस कार्रवाई से ड्रग तस्करों के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



