
Balod: हमर राज पार्टी जिला अध्यक्ष की कार जलाने के मामले में बड़ा खुलासा, सुपारी लेकर आए थे आरोपी
बालोद। हमर राज पार्टी के जिला अध्यक्ष देवेन्द्र साहू की कार जलाए जाने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह केवल कार जलाने की वारदात नहीं थी, बल्कि देवेन्द्र साहू की हत्या की सुपारी दी गई थी। लेकिन घर पर लगे सीसीटीवी कैमरों के कारण आरोपी डर गए और हत्या की योजना को छोड़कर केवल कार में आग लगाकर भाग निकले।

घटना एक दिसंबर की रात, कार को लगाई गई थी आग
घटना 1 दिसंबर 2025 की है।
बुढ़ापारा वार्ड निवासी देवेन्द्र साहू के घर के बाहर खड़ी कार को अज्ञात आरोपियों ने देर रात पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया था। पीड़ित देवेन्द्र साहू की शिकायत पर अपराध क्रमांक 527/2025 दर्ज किया गया, जिसमें धारा 326(जी) और 3(5) बीएनएस के तहत मामला कायम किया गया।
जांच में बड़ा खुलासा: हत्या की सुपारी थी
पुलिस ने जांच आगे बढ़ाते हुए कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इनमें अनिकेत मेश्राम, सूरज रंगारी, दानेश्वर साहू, अभिषेक चौरे और मोहम्मद फैजान शामिल थे।
पूछताछ में सामने आया कि:
मोहम्मद फैजान, जो कुछ समय पहले जेल में था, उसकी मुलाकात वहीं अश्वनी डडसेना से हुई। अश्वनी डडसेना ने देवेन्द्र साहू से जमीन विवाद का हवाला देते हुए फैजान को उन्हें जान से मारने की सुपारी दी थी। आरोपी हत्या की नीयत से पहुंचे थे, लेकिन घर पर कैमरे देखकर घबरा गए और योजना बदलकर कार में आग लगाकर फरार हो गए।
पांच आदतन अपराधी गिरफ्तार, सुपारी देने वालों पर भी कार्रवाई
- जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने घटना में शामिल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
साथ ही, पुलिस अब अश्वनी डडसेना और अन्य सुपारी देने वालों के खिलाफ भी आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है। - पुलिस के मुताबिक, इस पूरे मामले में कई आपराधिक तथ्य सामने आए हैं और सभी आरोपियों के खिलाफ ठोस सबूत जुटा लिए गए हैं।
पुलिस ने कहा—यह सिर्फ आगजनी नहीं, योजनाबद्ध आपराधिक षड्यंत्र
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह मामला साधारण शरारत या आगजनी का नहीं था, बल्कि एक सुनियोजित आपराधिक षड्यंत्र था। सीसीटीवी कैमरों ने बड़ा अपराध होने से रोक दिया।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



