
डेढ़ महीने में रकम दोगुनी करने का झांसा, 65 लाख की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
भानुप्रतापपुर। डेढ़ महीने में पैसा दोगुना करने का लालच देकर लाखों की ठगी करने वाले आरोपी को भानुप्रतापपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने जैविक खाद के प्रचार-प्रसार की आड़ में लोगों से निवेश कराया और करीब 65 लाख 18 हजार 400 रुपए की धोखाधड़ी को अंजाम दिया।

मामले में पीड़िता कामेश्वरी नाग ने थाना भानुप्रतापपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़िता के अनुसार, वर्ष 2023 में उसकी पहचान आरोपी विनोद कुमार पांडे से हुई थी, जो खुद को जैविक खाद से जुड़ी कंपनी का प्रतिनिधि बताता था। आरोपी ने दावा किया कि उसकी WFT कंपनी में पैसा लगाने पर डेढ़ महीने में रकम दोगुनी हो जाएगी और कंपनी का संचालन वही करता है।
बिलासपुर से गिरफ्तारी
आरोपी ने अधिक से अधिक लोगों को कंपनी से जोड़ने और अपने खाते में पैसा जमा कराने का झांसा दिया। इस तरह प्रार्थिया समेत अन्य लोगों से कुल 65,18,400 रुपए लेकर आरोपी फरार हो गया। प्रार्थिया की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। थाना प्रभारी रामेश्वर प्रसाद देशमुख के नेतृत्व में गठित टीम आरोपी की तलाश में बिलासपुर पहुंची, जहां घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने ठगी करना स्वीकार कर लिया।

जेल भेजा गया आरोपी
पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है और पीड़ितों की संख्या बढ़ सकती है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



