
9 साल बाद कानून के शिकंजे में फरार आरोपी: ट्रक माल गबन मामले में उड़ीसा से गिरफ्तार
दुर्ग |थाना खुर्सीपार पुलिस को वर्ष 2016 के चर्चित ट्रक माल गबन प्रकरण में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 9 वर्षों से फरार चल रहे मुख्य आरोपी को उड़ीसा से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
2016 का मामला
यह मामला थाना खुर्सीपार के अपराध क्रमांक 326/2016 से संबंधित है, जिसमें आरोपी के खिलाफ धारा 407, 511, 120बी एवं 34 भादवि के तहत अपराध दर्ज है। प्रकरण में प्रार्थी अनिल कुमार मिश्रा, निवासी झारसुगुड़ा (उड़ीसा) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

शिकायत के अनुसार, ट्रक में 19 टन 319 किलो एल्युमिनियम वायर लोड कर बैंगलोर ले जाया जाना था, लेकिन आरोपी चालक व उसके साथियों ने माल को बेचने व गबन करने की साजिश रचते हुए ट्रक मालिक को धोखा दिया।
9 आरोपी पहले ही जा चुके थे जेल
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक सहित माल जब्त कर लिया था। इस मामले में 9 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था, जबकि मुख्य आरोपी पतीता बाघ मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया था।

उड़ीसा से दबोचा गया फरार आरोपी
लगातार तलाश और तकनीकी इनपुट के आधार पर खुर्सीपार पुलिस ने 13 दिसंबर 2025 को फरार आरोपी पतीता बाघ पिता नरूपमणी बाघ (उम्र 45 वर्ष) निवासी खीरपुर, थाना सुबरनापुर, जिला वीर महाराजपुर (उड़ीसा) को विधिवत गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे ज्यूडिशियल रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



