
सहकारी निरीक्षक अभिषेक सोनी को 40 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया
छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में ACB अंबिकापुर की टीम ने बुधवार देर शाम सूरजपुर के सहकारी निरीक्षक अभिषेक सोनी को 40 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी ने संविदा लेखपाल पद पर नियुक्ति के बदले शिकायतकर्ता से 1.50 लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी।

संविदा नियुक्ति के बदले मांगी गई थी रिश्वत
जानकारी के अनुसार, भारत सरकार के राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम (NCDC) की ओर से जिला सूरजपुर के रामानुजनगर, प्रेमनगर, सूरजपुर, भैयाथान और प्रतापपुर विकासखंडों में छत्तीसगढ़ सहकारी सोसाइटी अधिनियम 1960 के तहत कुल 5 बहुउद्देशीय किसान उत्पादक सहकारी समितियों का गठन किया गया था।
इन समितियों में मुख्य कार्यपालक अधिकारी/प्रबंधक और लेखापाल पदों पर 3 वर्ष की संविदा नियुक्ति की प्रक्रिया चल रही थी।
1.50 लाख की मांग, 40 हजार लेते पकड़ा गया
आरोप है कि सहकारी निरीक्षक अभिषेक सोनी ने शिकायतकर्ता से संविदा लेखपाल पद पर नियुक्ति दिलाने के बदले 1.50 लाख रुपये की मांग की। परेशान होकर शिकायतकर्ता ने इसकी शिकायत ACB सरगुजा से की। शिकायत की पुष्टि के बाद ACB ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 40 हजार रुपये लेते समय आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया।
ACB की बड़ी कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान ACB टीम ने आरोपी के पास से रिश्वत की रकम जब्त कर ली है। इसके साथ ही भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



