
Chhattisgarh:कबीरधाम में ट्रक के सीक्रेट चैंबर से 2 क्विंटल गांजा जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक के सीक्रेट चैंबर से 2 क्विंटल से अधिक गांजा बरामद किया है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये है। इस मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। यह गांजा ओडिशा से दिल्ली ले जाया जा रहा था। यह घटना चिल्फी थाना क्षेत्र की है।

गुप्त सूचना पर पुलिस की कार्रवाई
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक ट्रक में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर ले जाया जा रहा है। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक (नंबर PB 02 EJ 3009) को रोका और उसकी गहन तलाशी ली। जांच के दौरान ट्रक में एक गुप्त चैंबर का पता चला, जिसमें 2 क्विंटल से अधिक गांजा छिपाया गया था।
गिरफ्तार किए गए तस्करों की पहचान ईश्वर सिंह (जिला झज्जर, हरियाणा) और रामु सिंह परमार (जिला धौलपुर, राजस्थान) के रूप में हुई है। पुलिस दोनों से गहन पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह गांजा ओडिशा से दिल्ली सप्लाई के लिए ले जाया जा रहा था।

नशे के खिलाफ कबीरधाम पुलिस का सख्त रुख
कबीरधाम के पुलिस अधीक्षक (एसपी) धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान को और तेज किया गया है। इस साल अब तक पुलिस ने 14 मामलों में कार्रवाई करते हुए 41 तस्करों को गिरफ्तार किया है और 1.25 करोड़ रुपये से अधिक का गांजा जब्त किया है। हाल ही में रायपुर से नशीली दवाओं के एक सप्लायर को भी पकड़ा गया था।

एसपी ने चेतावनी देते हुए कहा, “नशे का कारोबार करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। चाहे वह तस्कर हो या उनका सहयोगी, सभी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



