
आयकर विभाग की मेरठ में बड़ी कार्रवाई: CA के घर और ऑफिस पर छापेमारी
मेरठ, 16 जुलाई 2025:
आयकर विभाग ने मेरठ में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नामी चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) निखिल गुप्ता के घर और ऑफिस सहित देशभर में 150 से अधिक स्थानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई झूठी कर कटौती और आयकर रिटर्न में छूट के दावों से जुड़ी अनियमितताओं के संदेह में की गई।
झूठी कर कटौती का आरोप
आयकर विभाग को शक था कि निखिल गुप्ता ने राजनीतिक चंदे, ट्यूशन फीस और मेडिकल खर्च जैसी मदों में फर्जी कर कटौती दिखाकर कई लोगों को फॉर्म 24 के तहत 70 प्रतिशत तक रिफंड दिलाने में अनियमितता बरती। सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई पिछले तीन महीनों से चल रही जांच का हिस्सा है, जिसमें निखिल द्वारा एक साल में 2,000 आयकर रिटर्न दाखिल करने की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।

30 घंटे तक चली जांच
मंगलवार सुबह छह बजे शुरू हुई इस छापेमारी का सिलसिला करीब 30 घंटे तक चला। आयकर विभाग की विशेष टीम ने कड़ी सुरक्षा के बीच निखिल गुप्ता के टीपीनगर थाना क्षेत्र स्थित घर और ऑफिस में दस्तावेजों की गहन जांच की। इस दौरान डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण कागजात जब्त किए गए। इसके अलावा, निखिल के बैंक लॉकर और उनकी एफडी से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की गई।
परिवार और सहयोगियों से पूछताछ
आयकर टीम ने निखिल के साथ कार्य करने वाली ज्योति के बारे में जानकारी जुटाई। साथ ही, उनके भाई और कंपनी सेक्रेटरी प्रियम गुप्ता तथा पत्नी सीए शशि से भी पूछताछ की गई। जांच के दौरान मेरठ के 50 से अधिक सीए निखिल के समर्थन में उनके ऑफिस पर मौजूद रहे और कार्रवाई का विरोध किया।
परिजनों ने लगाया फंसाने का आरोप
निखिल गुप्ता के परिजनों ने दावा किया कि उन्होंने कोई गलती नहीं की है और उनके सभी दस्तावेज पूरी तरह वैध हैं। उनका कहना है कि आयकर विभाग उन्हें जबरदस्ती परेशान कर फंसा रहा है। हालांकि, आयकर विभाग ने अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
जांच का सिलसिला जारी
आयकर विभाग की टीम ने निखिल गुप्ता का बयान रिकॉर्ड किया और संबंधित कागजात अपने साथ ले गई। मेरठ इनकम टैक्स की विशेष टीम द्वारा जांच अभी भी जारी है। इस कार्रवाई से मेरठ के व्यापारिक और प्रोफेशनल समुदाय में हलचल मच गई है।
हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V


