
Raipur : अवैध रूप से पाले गए पिटबुल के हमले से युवक गंभीर घायल
रायपुर। राजधानी रायपुर के अनुपम नगर इलाके में अवैध रूप से पाले गए पिटबुल कुत्ते के हमले की एक और गंभीर घटना सामने आई है। इस हमले में एक युवक बुरी तरह घायल हो गया। बीते 15 दिनों में रायपुर में डॉग बाइट की यह तीसरी घटना बताई जा रही है, जिससे शहर में दहशत का माहौल है।
भुगतान लेने पहुंचे युवक पर अचानक हमला
जानकारी के अनुसार, घायल युवक किसी काम के भुगतान लेने संबंधित मकान पहुंचा था। इसी दौरान घर में मौजूद पिटबुल कुत्ते ने अचानक उस पर हमला कर दिया। कुत्ते ने युवक के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गहराई तक काट लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

अस्पताल में कराया गया भर्ती
हमले के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायल युवक को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, युवक को गहरा जख्म आया है और उसे लगातार चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
प्रतिबंधित नस्ल को लेकर नियमों की अनदेखी का आरोप
स्थानीय लोगों और पीड़ित पक्ष का कहना है कि पिटबुल जैसी आक्रामक नस्ल को पालना मौजूदा नियमों के तहत प्रतिबंधित है। इसके बावजूद कुत्ते को बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के खुले में रखा गया था। न तो घर के बाहर चेतावनी बोर्ड लगाया गया था और न ही आने-जाने वालों को सतर्क किया गया।
परिजनों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
घायल युवक के परिजनों और परिचितों ने कुत्ते के मालिक पर नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



