
PM Shri School में पागल कुत्ते का हमला, पहली कक्षा का छात्र और शिक्षिका घायल
बिलासपुर। सरकंडा क्षेत्र के खमतराई स्थित पीएम श्री स्कूल में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक पागल कुत्ता स्कूल परिसर में घुस आया और लोगों पर हमला कर दिया। इस घटना में पहली कक्षा का एक मासूम छात्र और एक शिक्षिका घायल हो गईं। घटना के बाद स्कूल में दहशत का माहौल बन गया।जानकारी के अनुसार, कुत्ते के हमले में घायल छात्र और शिक्षिका को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां दोनों का इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक, फिलहाल दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।

अब तक 10 लोग हो चुके कुत्तों के हमले से घायल
स्थानीय लोगों का कहना है कि खमतराई और आसपास के इलाकों में पागल और आवारा कुत्तों का आतंक लंबे समय से बना हुआ है। अब तक करीब 10 लोग कुत्तों के हमले में घायल हो चुके हैं, लेकिन नगर निगम की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। घटना के बाद क्षेत्रीय नागरिकों और अभिभावकों में भारी आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद नगर निगम केवल आश्वासन देता रहा। वहीं सरकार द्वारा स्कूल परिसरों में कुत्तों की निगरानी की जिम्मेदारी शिक्षकों को सौंपे जाने पर भी सवाल उठने लगे हैं, क्योंकि अब शिक्षक खुद ही हमले का शिकार हो रहे हैं।
हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



