
बलरामपुर: पत्रकारिता की आड़ में आदिवासी महिला का यौन शोषण, आरोपी गिरफ्तार
16 जुलाई 2025, बलरामपुर
छत्तीसगढ़ के बलरामपुर में पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई, आरोपी को भेजा जेल
बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में पत्रकारिता के नाम पर एक आदिवासी महिला का यौन शोषण और प्रताड़ना करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी अली खान ने न केवल पीड़िता के साथ वर्षों तक जबरन शारीरिक संबंध बनाए, बल्कि धमकी देकर उसके पति से एक लाख रुपये की उगाही भी की। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

शिकायत में गंभीर आरोप, 2018 से शुरू हुई थी साजिश
थाना बलरामपुर क्षेत्र की निवासी पीड़िता ने 14 जुलाई 2025 को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें उसने झारखंड के गढ़वा जिले के रंका थाना क्षेत्र के खपरो गांव के मूल निवासी और वर्तमान में चंद्रनगर में रहने वाले अली खान पर गंभीर आरोप लगाए। पीड़िता के अनुसार, वर्ष 2018-2019 में आरोपी ने पहले उससे दोस्ती की और मोबाइल पर बातचीत शुरू की। जल्द ही उसकी बातें अश्लील और आपत्तिजनक हो गईं। विरोध करने पर आरोपी ने पीड़िता और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
डर और धमकी के साये में हुआ शोषण
पीड़िता ने बताया कि 2019 से जून 2025 तक आरोपी ने उसे डराकर और धमकाकर कई बार बलात्कार किया। सामाजिक लोकलाज और अपने वैवाहिक जीवन को बचाने के लिए पीड़िता चुप रही, जिसका फायदा उठाकर आरोपी लगातार उसका शारीरिक और आर्थिक शोषण करता रहा। आरोपी ने पीड़िता के पति को गोली मारने की धमकी देकर एक लाख रुपये की फिरौती भी वसूली।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 12 घंटे में गिरफ्तारी
पीड़िता की शिकायत के बाद बलरामपुर पुलिस ने प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की। थाना बलरामपुर में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(5), 351(3), 78, 64(2)(m) और अनुसूचित जाति जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की धारा 3(2)(v), 3(2)(va) के तहत मामला दर्ज किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने महज 12 घंटे में आरोपी अली खान उर्फ अली हुसैन अंसारी (35 वर्ष) को गिरफ्तार उसे रामानुजगंज न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
आदिवासी महिला के साथ अत्याचार पर सख्ती
पुलिस ने बताया कि आरोपी को यह जानते हुए भी कि पीड़िता अनुसूचित जनजाति से है, उसका शोषण किया गया। इस मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सख्ती ने क्षेत्र में कानून व्यवस्था के प्रति विश्वास बढ़ाया है।
हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



