
मुख्यमंत्री साय से राज्य पुलिस सेवा अधिकारियों की सौजन्य भेंट, वरिष्ठ प्रवर श्रेणी वेतनमान के लिए जताया आभार
रायपुर, 15 जुलाई 2025: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से विधानसभा स्थित उनके कार्यालय में राज्य पुलिस सेवा के अधिकारियों ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान अधिकारियों ने मंत्रिपरिषद के उस निर्णय के लिए आभार व्यक्त किया, जिसमें वर्ष 2005 से 2009 बैच के उन अधिकारियों को वरिष्ठ प्रवर श्रेणी वेतनमान प्रदान करने का फैसला लिया गया, जिन्होंने निर्धारित सेवा अवधि पूरी कर ली है। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद थे।
मंत्रिपरिषद का महत्वपूर्ण निर्णय
11 जुलाई 2025 को आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में राज्य पुलिस सेवा संवर्ग के बेहतर प्रबंधन के लिए 30 सांख्येतर पदों का सृजन करने का निर्णय लिया गया। इस निर्णय के तहत उन अधिकारियों को वरिष्ठ प्रवर श्रेणी वेतनमान प्रदान किया जाएगा, जिन्होंने सेवा में अर्हता अवधि पूरी कर ली है। यह कदम पुलिस सेवा के अधिकारियों के लिए प्रोत्साहन और उनके कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इन अधिकारियों ने की मुलाकात
सौजन्य भेंट के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, कीर्तन राठौर, अनंत साहू, डॉ. संगीता माहेलकर और प्रज्ञा मेश्राम उपस्थित थीं। अधिकारियों ने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री और मंत्रिपरिषद के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की और इसे पुलिस सेवा के लिए एक सकारात्मक कदम बताया।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



