
भिलाई में नाला-नाली पर अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई का फैसला
महापौर परिषद की विशेष बैठक में जलभराव की समस्या पर मंथन
11 जुलाई 2025, भिलाई
भिलाई नगर निगम क्षेत्र में बुधवार को हुई एक दिन की भारी बारिश ने जलभराव की गंभीर समस्या को उजागर कर दिया। इसे देखते हुए गुरुवार को महापौर नीरज पाल की अध्यक्षता और आयुक्त राजीव कुमार पांडेय की उपस्थिति में विशेष महापौर परिषद की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नाला, नाली और नहर पर अतिक्रमण हटाने और जलभराव की समस्या को नियंत्रित करने के लिए सख्त कदम उठाने का निर्णय लिया गया।
बिना नोटिस होगी तोड़फोड़
बैठक में तय किया गया कि निगम क्षेत्र में नाला और नाली पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ बिना पूर्व नोटिस के तोड़फोड़ की कार्रवाई की जाएगी। महापौर ने स्पष्ट किया कि बारिश के पानी की निकासी में बाधा उत्पन्न करने वाले अवैध निर्माण और कब्जे को तत्काल हटाया जाएगा। इससे जलभराव की समस्या को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। जोन आयुक्तों और स्वास्थ्य अधिकारियों को जलभराव वाले क्षेत्रों को चिन्हित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कोसानाला निर्माण में लापरवाही पर एजेंसी पर कार्रवाई
कोसानाला में रिटर्निंग वाल निर्माण के लिए राशि उपलब्ध होने के बावजूद अब तक कार्य शुरू नहीं हुआ है। इस लापरवाही के लिए संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश आयुक्त को दिए गए हैं। महापौर ने बताया कि इस देरी से जल निकासी की व्यवस्था प्रभावित हो रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
BSP की लापरवाही पर पत्राचार
महापौर ने भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) प्रबंधन की लापरवाही पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि नाला और जलकुंभी की सफाई के लिए जिला और निगम प्रशासन द्वारा बार-बार पत्राचार के बावजूद बीएसपी ने कोई गंभीरता नहीं दिखाई। सेक्टर क्षेत्र के नालों में जलकुंभी और ठोस कचरे की सफाई नहीं होने से जलभराव की समस्या गंभीर हो गई है। इसके लिए बीएसपी को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की जाएगी।

सांसद-विधायकों से चर्चा, प्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक से पहले महापौर ने सांसद विजय बघेल, वैशाली नगर के विधायक रिकेश सेन और भिलाई नगर के विधायक देवेंद्र यादव से जलभराव की समस्या पर चर्चा की। तीनों जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधि बैठक में मौजूद रहे। इस दौरान सीजू एंथोनी, लक्ष्मीपति राजू, संदीप निरंकारी, केशव चैबे, आदित्य सिंह, एकांश बंछोर, चंद्रशेखर गंवई, नेहा साहू, मालती ठाकुर, उप नेता प्रतिपक्ष दया सिंह, सांसद प्रतिनिधि प्रमोद सिंह, विधायक प्रतिनिधि राजेंद्र अरोरा, धर्मेंद्र यादव, उपायुक्त नरेंद्र बंजारे, जोन आयुक्त येशा लहरे, अमरनाथ दुबे, कुलदीप गुप्ता, कार्यपालन अभियंता सुनील जैन, अखिलेश चंद्राकर, लेखाधिकारी चंद्रभूषण साहू और स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली भी उपस्थित थे।
जलभराव नियंत्रण के लिए दीर्घकालिक उपाय
बैठक में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए दीर्घकालिक उपायों पर भी विचार-विमर्श किया गया। नाला और नाली की नियमित सफाई, अतिक्रमण हटाने और जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया गया। महापौर ने कहा कि भविष्य में ऐसी समस्याओं से बचने के लिए निगम प्रशासन पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



