
रायपुर पुलिस ने NDPS Act के फरार आरोपी नर्बद कटरे को बालाघाट से किया गिरफ्तार
रायपुर, 10 जुलाई 2025: रायपुर पुलिस ने नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के तहत दो माह से फरार चल रहे आरोपी नर्बद कटरे को मध्यप्रदेश के बालाघाट से गिरफ्तार किया है। थाना खमतराई के अपराध क्रमांक 415/2025, धारा 21(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज इस मामले में पुलिस ने कुल 120 नग प्रतिबंधित नशीली सिरप जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, नर्बद कटरे ने स्वयं मेडिकल स्टोर से प्रतिबंधित नशीली सिरप खरीदकर अपने साथियों को बिक्री के लिए आपूर्ति की थी। इस मामले में पूर्व में नर्बद के तीन साथियों – रवि तमेर, राजेश पंचेश्वर और विनय सिंह राजपूत को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पूछताछ के दौरान इन आरोपियों ने नर्बद कटरे का नाम उजागर किया था, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था।
थाना खमतराई की पुलिस टीम को सूचना मिली कि नर्बद कटरे अपने मूल निवास बालाघाट (मध्यप्रदेश) में छिपा हुआ है। इस आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बालाघाट से नर्बद कटरे को गिरफ्तार कर रायपुर लाया। पूछताछ में नर्बद ने प्रतिबंधित सिरप खरीदकर अपने साथियों को बिक्री के लिए देने की बात स्वीकार की। मेडिकल स्टोर के संचालक से भी पूछताछ की गई, जिसने पुष्टि की कि नर्बद ने अपने नाम से बिल बनवाकर सिरप खरीदा था।
गिरफ्तार आरोपी नर्बद कटरे (31 वर्ष), पिता बोहरन कटरे, निवासी धारावासी, पोस्ट नेवरगांव, थाना लालबर्रा, जिला बालाघाट (मध्यप्रदेश) को 10 जुलाई 2025 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



