February 1, 2026
भोजपुर में कांग्रेस कार्यालय में हंगामा: कार्यकर्ताओं में मारपीट, एक का सिर फटा

भोजपुर में कांग्रेस कार्यालय में हंगामा: कार्यकर्ताओं में मारपीट, एक का सिर फटा

Jul 10, 2025

भोजपुर के कांग्रेस कार्यालय में गुरुवार को एक स्वागत कार्यक्रम के दौरान जमकर हंगामा हुआ। पार्टी के दो गुटों के बीच नारेबाजी से शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। इस घटना में एक कांग्रेस नेता सुनील कुमार सिंह घायल हो गए, जिनके सिर में छह टांके आए। मारपीट का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार्यकर्ता एक-दूसरे पर हाथ उठाते नजर आ रहे हैं।

कार्यक्रम में बवाल, विधायक के सामने भिड़े कार्यकर्ता

छत्तीसगढ़ के भिलाई से विधायक और बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सह प्रभारी देवेंद्र यादव गुरुवार को भोजपुर पहुंचे थे। उनके स्वागत के लिए शहीद भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया था। जैसे ही देवेंद्र यादव कार्यालय पहुंचे, कार्यकर्ताओं ने जिंदाबाद के नारे लगाने शुरू किए। इसी दौरान दो गुटों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई।

कांग्रेस के सीनियर नेताओं ने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की, जिसके बाद कार्यक्रम आगे बढ़ा। लेकिन इस घटना ने पार्टी के भीतर की गुटबाजी को उजागर कर दिया।

देवेंद्र यादव का बयान: उपद्रवियों का काम

मारपीट की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायक देवेंद्र यादव ने कहा, “यह हंगामा किसने किया, कौन घायल हुआ, यह जांच का विषय है। हमें देखना होगा कि इसमें हमारी पार्टी के कार्यकर्ता शामिल थे या बाहर से आए उपद्रवी। जिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह बाहरी लोगों की शरारत है।”उन्होंने प्रशासन पर भी निशाना साधा और कहा, “यह प्रशासन की विफलता है। हमें और हमारे कार्यकर्ताओं को सुरक्षा दी जानी चाहिए थी। आज कार्यकर्ताओं पर हमला हुआ, कल मेरे ऊपर भी हो सकता है। नीतीश बाबू और प्रशासन को जवाब देना होगा।”

घायल नेता ने सुनाई आपबीती

घायल कांग्रेस नेता सुनील कुमार सिंह, जो नवादा मोहल्ले के रहने वाले हैं, ने बताया, “मैं विधायक देवेंद्र यादव को देखने और सुनने के लिए कार्यालय गया था। नारेबाजी के दौरान दो गुटों में विवाद हो गया। मैं बीच-बचाव करने गया, तभी 8-10 लोगों ने मुझे पकड़ लिया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। पीछे से किसी ने ईंट से हमला किया, जिससे मेरे सिर में गहरी चोट आई और छह टांके आए।”

सुनील कुमार सिंह हिंदू महिला कॉलेज में सहायक क्लर्क हैं और उनके पिता शिवकुमार सिंह भोजपुर कांग्रेस कमेटी के पूर्व उपाध्यक्ष रह चुके हैं।

उपेंद्र सिंह पर मारपीट का आरोप

बताया जा रहा है कि यह विवाद कांग्रेस नेता उपेंद्र कुमार सिंह और उनके समर्थकों के कारण शुरू हुआ। उपेंद्र सिंह बक्सर से लौट रहे देवेंद्र यादव का स्वागत करने शहीद भवन आए थे। उनके समर्थक नारेबाजी कर रहे थे, जिसके बाद अशोक सिंह और अलीपुर पंचायत के पूर्व मुखिया के समर्थकों के साथ उनकी नोकझोंक हुई।सूत्रों के अनुसार, उपेंद्र कुमार सिंह आरा विधानसभा से अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं, जिसके चलते उनके समर्थकों ने उनके पक्ष में नारे लगाए। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और मारपीट की नौबत आ गई।

पार्टी में गुटबाजी का खुलासा

इस घटना ने भोजपुर कांग्रेस में चल रही गुटबाजी को एक बार फिर उजागर कर दिया। कार्यकर्ताओं के बीच आपसी मतभेद और नेतृत्व को लेकर तनाव साफ नजर आया। स्थानीय नेताओं का कहना है कि इस तरह की घटनाएं पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचा सकती हैं।

प्रशासन ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से सुरक्षा और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

👇👇हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇

https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V


Walkie Talkie News की शुरुआत हमने इस सोच के साथ की कि आपको हर खबर मिले सबसे पहले, सबसे सटीक और बिना किसी लाग-लपेट के। डिजिटल दौर में जहाँ अफवाहें हवा से तेज़ फैलती हैं, वहाँ हमारा मकसद है—आप तक पहुँचे सिर्फ़ सच, वो भी रियल टाइम में। भिलाई-दुर्ग और आसपास की हर लोकल हलचल, हर अहम जानकारी अब आपकी उंगलियों की ज़द में है।
Editor: Saurabh Tiwari
Phone: 8839303956
Email: walkietalkiemynews@gmail.com
Office Address: Shop No. 25, Aakash Ganga, Supela, Bhilai, Durg, Chhattisgarh

© Copyright Walkie Talkie News 2025 | All Rights Reserved | Made in India by MediaFlix