
भिलाई में हिस्ट्रीशीटर दीपक नेपाली की दो लग्जरी कारें लावारिस मिलीं, पुलिस ने तेज की तलाश
भिलाईनगर: छत्तीसगढ़ के भिलाई में इनामी हिस्ट्रीशीटर दीपक नेपाली की दो महंगी कारें संदिग्ध परिस्थितियों में लावारिस हालत में मिली हैं। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई तेज कर दी है और फरार आरोपी की तलाश में जुट गई है।
गौरव पेट्रोल पंप के पास मिलीं कारें
वैशाली नगर थाना पुलिस को टाउन पेट्रोलिंग के दौरान गौरव पथ स्थित पेट्रोल पंप के पास दो लग्जरी कारें—ऑडी (डीएल-1 सीएस 6642) और पजेरो (डीएल-1 सीक्यू 1303)—लावारिस हालत में खड़ी मिलीं। पुलिस ने इन वाहनों को धारा 106 बीएनएसएस के तहत जब्त कर थाने में रखवाया है। पूछताछ में पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने बताया कि इन वाहनों में डीजल डलवाने वाला शुभम यादव संभवतः दीपक नेपाली के लिए काम करता है।

दीपक नेपाली की तलाश तेज
एसएसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि दीपक नेपाली की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। उन्होंने कहा, “आरोपी को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।” गौरतलब है कि दीपक नेपाली (34 वर्ष), कैम्प 1, संग्राम चौक का निवासी, महादेव सट्टा मामले से जुड़ा हुआ है। वह अपने साथियों के साथ मिलकर अवैध वसूली और एक कारोबारी पर जानलेवा हमले के मामले में पिछले एक महीने से फरार है। पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 296, 115(2), 351(3), 109, और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है।
इनामी अपराधी पर पुलिस की नजर
पुलिस प्रवक्ता पद्मश्री तंवर ने बताया कि दीपक नेपाली की गिरफ्तारी के लिए पहले ही एसएसपी विजय अग्रवाल द्वारा 3,000 रुपये के इनाम की घोषणा की जा चुकी है। इस घटना के बाद पुलिस ने संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी और बढ़ा दी है। दीपक नेपाली के आपराधिक इतिहास को देखते हुए पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है।
👇👇हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



