
शातिर लुटेरे का फर्जी DP से ठगी का खेल, सोशल मीडिया के जरिए लड़कियों को बनाया शिकार
जशपुर: सोशल मीडिया के दौर में जहां लोग दोस्ती और रिश्तों की तलाश में व्यस्त हैं, वहीं कुछ शातिर अपराधी इसका गलत फायदा उठा रहे हैं। ऐसा ही एक मामला जशपुर में सामने आया है, जहां एक 17 वर्षीय किशोर ने फर्जी फेसबुक प्रोफाइल बनाकर लड़कियों को अपने जाल में फंसाया और उनके साथ लूटपाट की। साइबर सेल और स्थानीय पुलिस की सतर्कता ने इस शातिर लुटेरे को गिरफ्तार कर लिया गया है।
फर्जी प्रोफाइल से शुरू होती थी ठगी
आरोपी ने अपने असली नाम और चेहरे को छिपाने के लिए एक हैंडसम लड़के की तस्वीर का इस्तेमाल किया। वह फेसबुक पर आकर्षक प्रोफाइल बनाकर लड़कियों को friend request भेजता था। चैट के जरिए उनसे दोस्ती करता और फिर मुलाकात का बहाना बनाकर उन्हें सुनसान जगहों पर बुलाता था।
नकाब लगाकर करता था लूटपाट
मुलाकात के दौरान आरोपी नकाब या गमछा लगाकर पहुंचता था, जिससे उसका असली चेहरा नजर न आए। जब पीड़िताएं उसका असली चेहरा देखतीं, तो डर के मारे सहम जाती थीं। इसके बाद वह उनका मोबाइल और नकदी छीनकर फरार हो जाता था। कुनकुरी और नारायणपुर में हुई दो घटनाओं में उसने इसी तरह लड़कियों को शिकार बनाया।
OTP चुराकर बैंक खाते में ट्रांसफर किए पैसे
आरोपी की शातिराना हरकतें यहीं नहीं रुकीं। उसने एक पीड़िता के मोबाइल से OTP हासिल कर ₹25,000 अपने खाते में और ₹5,000 अपने दोस्त के खाते में ट्रांसफर कर लिए। फर्जी फेसबुक आईडी और ट्रांजेक्शन डिटेल्स के आधार पर पुलिस ने उसका सुराग लगाया।

दो घटनाओं में बनाया शिकार
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कुनकुरी और नारायणपुर में दो लड़कियों को अपना निशाना बनाया। दोनों ही मामलों में उसने मोबाइल फोन और नकदी लूटी। इसके अलावा, उसने फेसबुक चैट के जरिए पीड़िताओं की सहेलियों से भी बीमारी का बहाना बनाकर पैसे मांगे थे।
Cyber cell और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
जशपुर SSP IPS शशिमोहन सिंह के निर्देश पर साइबर सेल और कुनकुरी-नारायणपुर थाना की संयुक्त टीम ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई की। जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल और सोशल मीडिया अकाउंट्स की गहन पड़ताल की गई। इसके आधार पर 17 वर्षीय विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया गया।
लूट का सामान और मोटरसाइकिल बरामद
आरोपी से लूटे गए मोबाइल फोन, ट्रांजेक्शन का पैसा और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी के मोबाइल और सोशल मीडिया अकाउंट्स की जांच अभी भी जारी है, जिससे और भी मामले सामने आने की संभावना है।
सोशल मीडिया पर सतर्कता की जरूरत
यह मामला सोशल मीडिया के दुरुपयोग का एक बड़ा उदाहरण है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अनजान लोगों से ऑनलाइन दोस्ती करने और निजी जानकारी साझा करने से बचें। साथ ही, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
👇👇हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



