
रायगढ़ में बस ड्राइवर की लापरवाही, साइकिल सवार बुजुर्ग की मौत
तेज रफ्तार बस ने मारी टक्कर
रायगढ़। जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें तेज रफ्तार बस की टक्कर से 70 वर्षीय बुजुर्ग मनोरंजन दास की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बाजार जाते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, बायसी कॉलोनी निवासी मनोरंजन दास रविवार सुबह करीब 11 बजे साइकिल से बाजार जा रहे थे। उसी दौरान बिलासपुर से जशपुर जा रही हनुमान बस के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मनोरंजन दास खून से लथपथ हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

आरोपी चालक फरार
हादसे के बाद बस चालक ने वाहन को धरमजयगढ़ थाना के पास खड़ा कर दिया और मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
हादसे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें हादसे की भयावहता साफ नजर आ रही है। स्थानीय लोगों ने चालक की लापरवाही पर गुस्सा जाहिर किया और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने शुरू की जांच
धरमजयगढ़ पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है और फरार बस चालक की तलाश में जुटी है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच के लिए वाहन को कब्जे में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।
👇👇हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



