
भिलाई में International Cyber ठगी गिरोह का पर्दाफाश, 9 आरोपी गिरफ्तार
सुपेला पुलिस ने Call center पर दी दबिश
भिलाई। सुपेला थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी गिरोह का खुलासा किया है। यह गिरोह भिलाई के चौहान टाउन में अवैध कॉल सेंटर संचालित कर USA और कनाडा के नागरिकों को ठगी का शिकार बना रहा था। पुलिस ने 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 7 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं।
फर्जी E-sim और वायरस लिंक के जरिए ठगी
पुलिस को 5 जुलाई 2025 को मुखबिर से सूचना मिली कि चौहान टाउन में अवैध कॉल सेंटर चलाया जा रहा है। नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई के नेतृत्व में सुपेला थाना और स्मृति नगर चौकी की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। जांच में पता चला कि आरोपी फर्जी ई-सिम और अंतरराष्ट्रीय मोबाइल नंबरों का उपयोग कर यूएसए के नागरिकों के कंप्यूटर और मोबाइल में वायरस भेजते थे। इसके बाद वायरस हटाने के नाम पर 80 से 200 यूएस डॉलर की ठगी की जाती थी।

Telegram और crypto currency से लेनदेन
आरोपियों ने ठगी की रकम यूएसडीटी और क्रिप्टो करेंसी के जरिए ई-वॉलेट में प्राप्त की। टेलीग्राम ऐप के माध्यम से साइबर ठगी को अंजाम दिया जाता था। ठगी की रकम को हवाला के जरिए भारतीय मुद्रा में परिवर्तित कर लिया जाता था। गिरोह का मुख्य सरगना अर्जुन शर्मा फरीदाबाद का रहने वाला है, जिसे पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
13 लाख रुपये का सामान जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12 लैपटॉप, 14 मोबाइल, 3 वाई-फाई राउटर, 7 हेडफोन, विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस, एक होंडा एक्टिवा और 2,55,000 रुपये नकद सहित कुल 13 लाख रुपये का सामान जब्त किया है।

आरोपियों को दी जाती थी सैलरी
मुख्य आरोपी अर्जुन शर्मा ठगी की रकम का 15-20% कमीशन रखकर बाकी राशि को हवाला के जरिए प्राप्त करता था। वह कॉल सेंटर में काम करने वाले कर्मचारियों को 25,000 से 30,000 रुपये मासिक वेतन देता था। पुलिस ने प्रकरण में 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें संतोष थापा, पियाली देव, रिया राय, विशाल कर, विवेक देव, मुकेश चंद्रनाथ, अमित कुमार सिंह, अनिस आर्यन और अर्जुन शर्मा शामिल हैं।
कानूनी कार्रवाई शुरू
पुलिस ने अपराध क्रमांक 783/2025 के तहत धारा 319(2), 318(4), 336(3), 61(2) बीएनएस, 66(डी) आईटी एक्ट और 42(2) टीसी एक्ट 2023 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश जारी है।
👇👇हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



