
दिल्ली: करोलबाग के विशाल मेगा मार्ट में लगी भीषण आग, लाखों का सामान राख
शॉर्ट सर्किट से शुरू हुई आग, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
दिल्ली के करोलबाग इलाके में शुक्रवार शाम अजमल खान रोड पर स्थित विशाल मेगा मार्ट में भीषण आग लग गई। इस हादसे में लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। आग पर काबू पा लिया गया है, और पुलिस व फायर डिपार्टमेंट मामले की जांच में जुटे हैं।
शॉर्ट सर्किट से शुरू हुई आग
जानकारी के मुताबिक, आग शुक्रवार शाम फर्स्ट फ्लोर पर शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी। देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। स्टाफ ने तुरंत बिल्डिंग में मौजूद फायर सिलेंडरों से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की भयावहता के आगे यह नाकाफी साबित हुआ।

आग तेजी से फैलती चली गई, जिससे मॉल में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
फायर ब्रिगेड और पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही शाम करीब 6:30 बजे दमकल विभाग को सूचित किया गया। फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। दिल्ली पुलिस ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर इलाके को खाली कराया और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की। फायर ब्रिगेड की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

कूलिंग प्रक्रिया और जांच जारी
आग बुझने के बाद भी बिल्डिंग में भारी धुआं भरा हुआ था। फायर ब्रिगेड ने मॉल की फ्रंट दीवार तोड़कर धुएं को बाहर निकाला, ताकि दमकल कर्मी फर्स्ट फ्लोर तक सुरक्षित पहुंच सकें। वर्तमान में कूलिंग प्रक्रिया जारी है। दमकल अधिकारियों का कहना है कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। पुलिस और फायर डिपार्टमेंट अब यह जांच कर रहे हैं कि शॉर्ट सर्किट की वजह क्या थी और आग इतनी तेजी से कैसे फैली।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



