
दुर्ग में सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए बड़े फैसले: भारी वाहनों पर रोक, शराब दुकानों को हटाने का निर्णय
दुर्ग l सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए संयुक्त सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए। नेहरू नगर गुरुद्वारा से दुर्ग शहर और अंजोरा बायपास से पुलगांव व दुर्ग की ओर भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाएगा। इसके अलावा, राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे संचालित शराब दुकानों को हटाकर अन्य स्थानों पर स्थानांतरित करने का फैसला किया गया।
सांसद विजय बघेल की अध्यक्षता में हुई बैठक
सांसद विजय बघेल की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा, लालित चन्द्राकर, गजेन्द्र यादव, कलेक्टर अभिजीत सिंह और एसएसपी विजय अग्रवाल शामिल हुए। सांसद ने कहा कि बढ़ते यातायात संसाधनों के साथ ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन जरूरी है। नियम तोड़ने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई हो, लेकिन इसे संवेदनशीलता के साथ लागू किया जाए। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सभी जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए।
सर्विस रोड और बेरियर से मजबूत होगी सुरक्षा
बैठक में नेशनल हाइवे 53 पर सर्विस रोड और मुख्य मार्ग के बीच बेरियर लगाने, अतिक्रमण हटाने, रोड मार्किंग और प्रकाश व्यवस्था को बेहतर करने का निर्णय लिया गया। अनावश्यक कटिंग को बंद कर रेल नगर चरोदा में नई कटिंग खोलने, मार्केट क्षेत्रों और व्यावसायिक संस्थानों के सामने सड़कों पर सफेद पट्टी से मार्किंग, प्रमुख चौराहों पर लेफ्ट टर्न बनाने और दुर्घटना में घायलों के लिए प्राथमिक उपचार एम्बुलेंस की व्यवस्था का फैसला हुआ।

राजेंद्र पार्क से शहीद चौक तक डिवाइडर निर्माण
दुर्ग बस स्टैंड और सुलभ शौचालय के पीछे एरिगेशन विभाग की खाली जमीन पर पार्किंग स्पेस तैयार किया जाएगा। राजेंद्र पार्क चौक से शहीद चौक और पुलगांव चौक से जेल तिराहा तक मध्यम आकार के डिवाइडर बनाए जाएंगे। इसके अलावा, पुष्पक नगर बोगदा पुलिया से डी-मार्ट और आरोग्यम हॉस्पिटल से बोगदा पुलिया तक सड़क के दोनों ओर सर्विस रोड का निर्माण होगा।
उत्तई से पाटन तक प्रकाश व्यवस्था
उत्तई से पाटन, पाटन से मोतीपुर अमलेश्वर और पुलगांव से अंडा रोड तक रात में प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। रेल चौक (ग्लोब चौक) में सिग्नल स्थापना, खुसीपार रोलिंग मिल गेट से सिरसाकला चौक तक बीएसपी बाउंड्रीवॉल के किनारे राष्ट्रीय राजमार्ग के समानांतर सड़क निर्माण, और दुर्ग-मिलाई शहरी क्षेत्र के प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक बूथ निर्माण का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही सड़क सुरक्षा चिह्नांकन और सहायता राशि के संबंध में भी चर्चा हुई।
सड़क सुरक्षा के लिए समयबद्ध कार्रवाई
बैठक में अनावश्यक डिवाइडर को समयबद्ध तरीके से बंद करने और सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाने पर जोर दिया गया। यह कदम दुर्ग जिले में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने में महत्वपूर्ण साबित होंगे।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



