March 2, 2026
कोरबा में नशे में धुत ड्राइवर ने मचाया कहर: कार ने बाइक को 150 मीटर घसीटा, 2 की मौत, 3 गंभीर

कोरबा में नशे में धुत ड्राइवर ने मचाया कहर: कार ने बाइक को 150 मीटर घसीटा, 2 की मौत, 3 गंभीर

Jul 4, 2025

कोरबा, 4 जुलाई 2025:

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। नशे में धुत एक कार चालक ने तेज रफ्तार में वाहन चलाते हुए 5 लोगों को कुचल दिया, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य की हालत नाजुक बनी हुई है। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें कार द्वारा बाइक को करीब 150 मीटर तक घसीटने का दिल दहलाने वाला मंजर दिखाई दे रहा है।

हादसे का भयावह मंजर

3 जुलाई की रात कोरबा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय राहुल यादव तेज रफ्तार स्विफ्ट कार (CG12 BE2806) चला रहा था। उसने आईटीआई चौक के पास दो बाइक सवारों को टक्कर मार दी, लेकिन गाड़ी नहीं रोकी। कार ने बाइकों को करीब 100-150 मीटर तक घसीटा।

इसके बाद बुधवारी चौक के पास एक साइकिल सवार को टक्कर मारी और फिर तीसरी बाइक को ठोकर मारकर कार रुकी। इस हादसे में तीन बाइक और एक साइकिल के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई।

मृतकों और घायलों की पहचान

हादसे में पथरीपारा निवासी मोहम्मद इसराइल (75) और आईटीआई क्षेत्र के छोटे लाल साहनी (21) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, डूमरडीही के पूर्व सरपंच के बेटे रवि कवर (35), जो CSEB में सीनियर सिक्योरिटी में कार्यरत हैं, समेत दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें बिलासपुर के अपोलो अस्पताल रेफर किया गया। रवि कवर के सिर, हाथ-पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।

नशे में था आरोपी ड्राइवर

कोरबा CSP भूषण एक्का ने बताया कि आरोपी राहुल यादव नशे की हालत में गाड़ी चला रहा था। उसके पिता बिजली विभाग में इलेक्ट्रीशियन हैं। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 और 110 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

कोर्ट ने भेजा जेल

हादसे के बाद पुलिस ने राहुल यादव को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस घटना ने स्थानीय लोगों में गुस्सा और आक्रोश पैदा कर दिया है। लोग नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇

https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V


Walkie Talkie News की शुरुआत हमने इस सोच के साथ की कि आपको हर खबर मिले सबसे पहले, सबसे सटीक और बिना किसी लाग-लपेट के। डिजिटल दौर में जहाँ अफवाहें हवा से तेज़ फैलती हैं, वहाँ हमारा मकसद है—आप तक पहुँचे सिर्फ़ सच, वो भी रियल टाइम में। भिलाई-दुर्ग और आसपास की हर लोकल हलचल, हर अहम जानकारी अब आपकी उंगलियों की ज़द में है।
Editor: Saurabh Tiwari
Phone: 8839303956
Email: walkietalkiemynews@gmail.com
Office Address: Shop No. 25, Aakash Ganga, Supela, Bhilai, Durg, Chhattisgarh

© Copyright Walkie Talkie News 2025 | All Rights Reserved | Made in India by MediaFlix