
महिला की शराब के लिए पैसे खर्च करने पर हत्या, पति गिरफ्तार
जशपुर, छत्तीसगढ़: जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति ने घरेलू खर्च के लिए रखे पैसे से शराब पीने पर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
20 साल पुराना प्रेम विवाह, शराब बनी हत्या की वजह
बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम उबका तेंदू पारा निवासी जॉन केरकेट्टा (39 वर्ष) और उसकी पत्नी पूजा उर्फ संपत्ति केरकेट्टा का प्रेम विवाह 20 साल पहले हुआ था। दोनों के दो बच्चे भी हैं। लेकिन 30 जून को शराब के नशे में हुए विवाद ने इस रिश्ते को खौफनाक अंजाम तक पहुंचा दिया। शिकायतकर्ता सावन विश्वकर्मा (60 वर्ष), जो पूजा के पिता हैं, ने बगीचा थाने में शिकायत दर्ज कराई।
घटना का विवरण: शराब के नशे में हत्या
पुलिस के अनुसार, 30 जून को जॉन सुबह धान ढोने गया था और दोपहर 1 बजे घर लौटा। उसने देखा कि उसकी पत्नी पूजा घर पर नहीं थी, जिससे नाराज होकर वह शराब पीने चला गया। बाद में वह खाद लेने बगीचा गया और शाम 4 बजे घर लौटा। घर का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे पूजा ने खोला। पूजा उस समय शराब के नशे में थी। जॉन ने फिर से शराब पी और शाम 6 बजे घर लौटा, तब पूजा और अधिक नशे में थी।जांच में पता चला कि पूजा ने घर में रखे 1000 रुपये में से 500 रुपये की शराब पी ली थी। इस बात पर दोनों के बीच तीखी बहस हुई। गुस्से में जॉन ने पूजा को थप्पड़ मारा। जवाब में पूजा ने डंडे से जॉन पर हमला करने की कोशिश की। जॉन ने डंडा छीनकर उसी से पूजा के सिर पर वार किया, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़ी। इसके बाद जॉन ने पूजा का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और फरार हो गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही बगीचा थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जॉन केरकेट्टा को उबका तेंदू पारा के जंगल से हिरासत में लिया। पूछताछ में जॉन ने अपना अपराध कबूल किया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी जब्त कर लिया।
कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी
थाना बगीचा में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया। पर्याप्त सबूत और अपराध स्वीकार करने के आधार पर जॉन केरकेट्टा को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का बयान
जशपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि बगीचा क्षेत्र में शराब के नशे में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



